मुजफ्फरपुर में रेलवे की जमीन से हटाई जा रहीं 25 से अधिक झोपड़ियां, RPF और GRP ने चलाया अभियान
मुजफ्फरपुर के मझौलिया रेल फाटक पर रेलवे की जमीन से 25 से अधिक झोपड़ियों को हटाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध झोपड़ियों में बिजली कनेक्शन मिलने से उनकी वैधता और बकाया बिल पर सवाल उठ रहे हैं।
HighLights
मुजफ्फरपुर में रेलवे की जमीन से 25 से अधिक झोपड़ियां हटाई गईं।
आरपीएफ और जीआरपी ने जिला प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाया।
अवैध झोपड़ियों में बिजली कनेक्शन मिलने पर जांच शुरू।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Railway Encroachment Drive: मुजफ्फरपुर के मझौलिया रेल फाटक के दोनों ओर रेलवे की जमीन पर बनी 25 से अधिक झोपड़ियों को हटाने के लिए रविवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया।
जिला प्रशासन के सहयोग से आरपीएफ और जीआरपी ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान रेलवे की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। मौके पर पुलिस बल की तैनाती के बीच कार्रवाई जारी है।
दो दशक से बसी थी बस्ती
मझौलिया रेल फाटक के किनारे रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण का मामला पुराना है। यहां करीब दो दशक से लोग झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। वर्तमान में इस स्थान पर 25 से अधिक झोपड़ियां होने की जानकारी सामने आई थी।
इससे पहले अगस्त 2021 में रेलवे की ओर से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद सितंबर 2021 में मजिस्ट्रेट की तैनाती में बुलडोजर चलाकर सभी घरों को ध्वस्त कराया गया था।
हालांकि, कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे वहां फिर से झोपड़ियां बस गईं। अब रेलवे ने दोबारा अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है।
झोपड़ियों में बिजली कनेक्शन
इस कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया। रेलवे की जमीन पर बनी झोपड़ियों में बाकायदा बिजली के कनेक्शन लगे हुए थे। अतिक्रमण हटाने के क्रम में झोपड़ियों को ध्वस्त करने के साथ बिजली के कनेक्शन भी उखाड़ दिए गए।
इसके बाद सवाल उठने लगा है कि रेलवे की जमीन पर बने अवैध निर्माणों में बिजली कनेक्शन किस आधार पर दिए गए थे।
क्या कनेक्शन जारी करने से पहले संबंधित परिसर के स्वामित्व या कब्जे की वैधता की जांच की गई थी? यदि वैध दस्तावेजों के आधार पर कनेक्शन दिए गए थे तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी जांच का विषय है।
बकाया बिजली बिल पर सवाल
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद बिजली बिल के बकाये को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं के नाम पर इन झोपड़ियों में बिजली कनेक्शन जारी किए गए थे, उनके बिल की बकाया राशि का भुगतान कौन करेगा?
झोपड़ियां और बिजली कनेक्शन ध्वस्त हो जाने के बाद संबंधित उपभोक्ता बकाया राशि कैसे जमा करेंगे? बिजली विभाग के लिए भी यह जांच का विषय है कि इन कनेक्शनों को किस आधार पर स्वीकृति दी गई थी और उन पर अब तक कितनी राशि बकाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।