मुजफ्फरपुर में मणिकपुर साहेबगंज एनएच के लिए जमीन अधिग्रहण में तेजी, पटना बेतिया फोरलेन से घटेगी दूरी
Manikpur Sahebganj Highway Project: मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 139 डब्ल्यू के मणिकपुर साहेबगंज परियोजना के लिए छूटी हुई भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। यह परियोजना पटना-बेतिया फोरलेन कॉरिडोर का हिस्सा है।

सर्वेक्षण में कुल 1.4924761 हेक्टेयर भूमि का मौजावार और खेसरावार रकबा चिह्नित किया गया है।
HighLights
मुजफ्फरपुर में मणिकपुर साहेबगंज एनएच के लिए भूमि अधिग्रहण तेज।
राष्ट्रीय राजमार्ग 139 डब्ल्यू परियोजना के छूटे खेसरा का अधिग्रहण।
पटना बेतिया फोरलेन से यात्रा समय सात से तीन घंटे होगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Patna Bettiah Fourlane Corridor: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 डब्ल्यू की मनिकपुर साहेबगंज परियोजना के लिए जिले में छूटे हुए खेसरा और रकबा के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
एनएचएआइ के परियोजना निदेशक ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को धारा 3 (ए) की अधिसूचना जारी करने का अनुरोध किया है।
परियोजना के सलाहकार एम/एस जेएसपी मनिकपुर साहेबगंज हाईवे प्राइवेट लिमिटेड और मार्क टेक्नोक्रेट्स लिमिटेड ने मिसिंग प्लाट व रकबा सहित सूची तैयार कर भेजी है।
भूमि राशि पोर्टल पर अपलोड
सर्वेक्षण में कुल 1.4924761 हेक्टेयर भूमि का मौजावार और खेसरावार रकबा चिह्नित किया गया है। इसकी जांच कर धारा 3 (ए) की अधिसूचना जारी करने तथा भूमि को भूमि राशि पोर्टल पर अपलोड करने का आग्रह किया गया है। पहले हो चुके अधिग्रहण के दौरान कुछ खेसरा और रकबा छूट गए थे, जिनके लिए अब दोबारा अधिसूचना जारी होगी।
फोरलेन से घटेगी दूरी
छूटे हुए हिस्से के अधिग्रहण से सड़क निर्माण की अड़चन दूर होगी और परियोजना को गति मिलेगी। साहेबगंज मनिकपुर परियोजना प्रस्तावित पटना बेतिया फोरलेन कारिडोर का हिस्सा है।
जिससे उत्तर बिहार में आवागमन तेज होगा। इससे पटना से बेतिया का सफर सात घंटे के बजाय तीन घंटे में पूरा हो सकेगा और नेपाल सीमा से संपर्क भी बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें- टेंडर में देरी से पीएम की शिलान्यास सूची से मुजफ्फरपुर सोनबरसा फोरलेन बाहर, नेपाल सीमा के लिए जीवनरेखा