टेंडर में देरी से पीएम की शिलान्यास सूची से मुजफ्फरपुर सोनबरसा फोरलेन बाहर, नेपाल सीमा के लिए जीवनरेखा
NH22 Bihar Border Connectivity: टेंडर और भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना प्रधानमंत्री के शिलान्यास सूची से बाहर हो गई है। यह 82.58 किमी लंबी परियोजना नेपाल सीमा तक व्यापार और आवागमन को सुगम बनाएगी।

शिलान्यास टलने के बावजूद यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है और इसके पूरा होने पर जिले व सीमावर्ती क्षेत्रों से संपर्क मजबूत होगा।
HighLights
टेंडर देरी से फोरलेन परियोजना पीएम की सूची से बाहर।
नेपाल सीमा तक संपर्क, व्यापार के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण।
परियोजना की लागत 2500 से बढ़कर 3500 करोड़ से अधिक।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Sonbarsa Four Lane: टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण मुजफ्फरपुर सोनबरसा फोरलेन निर्माण कार्य शनिवार को होने वाले प्रधानमंत्री के बिहार दौरे की शिलान्यास सूची से बाहर हो गया है।
एनएचएआइ ने टेंडर पूरा न होने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अधूरी रहने के चलते अंतिम समय में यह निर्णय लिया। हालांकि शिलान्यास टलने के बावजूद यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है और इसके पूरा होने पर जिले व सीमावर्ती क्षेत्रों से संपर्क मजबूत होगा।
टेंडर और लागत अपडेट
इस माह के अंत में परियोजना का टेक्निकल बिड खुलेगा और उसके बाद वित्तीय बिड की प्रक्रिया होगी। आपत्ति या बाधा नहीं आने पर अगले वर्ष से काम शुरू होने की उम्मीद है, जबकि लागत 25 सौ करोड़ से बढ़कर लगभग 35 सौ करोड़ से अधिक हो गई है।
राज्य व केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के साथ ही एनएचएआइ ने जिला भू अर्जन पदाधिकारी को अधिग्रहण की अधियाचन व थ्री डी अधिघोषणा का अनुरोध भेजा था।
सीमा संपर्क और व्यापार
लगभग 82.58 किलोमीटर लंबे एनएच 22 के इस खंड के बनने से भारत नेपाल सीमा के सोनबरसा तक आवागमन और व्यापार आसान होगा।
100 किमी प्रति घंटा की डिजाइन स्पीड से मुजफ्फरपुर व सीतामढ़ी से नेपाल बॉर्डर का सफर कम समय में पूरा हो सकेगा। रुन्नीसैदपुर, डुमरा, भुतही व सोनबरसा में जाम से राहत मिलेगी और 7 बड़े पुल, 3 आरओबी व 2 फ्लाईओवर से यात्रा सुरक्षित बनेगी।
धार्मिक पर्यटन और लाभ
यह मार्ग पुनौरा धाम, बाबा गरीबनाथ धाम और बौद्ध सर्किट जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच सुगम बनाएगा तथा मेगा फूड पार्क व औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाएगा।
परियोजना से मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण व मधुबनी समेत सीमावर्ती इलाकों की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा और एनएच 27, एनएच 122 व एनएच 227 से जुड़कर दक्षिण बिहार से नेपाल जाना आसान होगा। काम शुरू होने के बाद इसे लगभग 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।