विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी जमीन का बड़ा हिसाब सामने आया, मुजफ्फरपुर में 251 एकड़ खासमहाल में महज 11 एकड़ लीज पर

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:17 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में 251 एकड़ से अधिक खासमहाल भूमि की पहचान हुई है, जिसमें से केवल 11 एकड़ ही लीज पर है। प्रशासन अब इस भूमि पर अतिक्रमण हटाने और विकास कार्यों के लिए उपयोग करने की तैयारी कर रहा है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. जिले में 251 एकड़ खासमहाल भूमि, केवल 11 एकड़ लीज पर।

  2. अतिक्रमण हटाने और विकास कार्यों के लिए अभियान की तैयारी।

  3. लीज नवीकरण न होने से राजस्व बकाया, सिकंदरपुर मन में कब्जा।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। शहर और जिले में सरकारी जमीन की तलाश शुरू हुई तो खासमहाल भूमि का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। जिले में 251 एकड़ से अधिक खासमहाल जमीन है, लेकिन इसमें से महज 11 एकड़ ही लीज पर दी गई है।

बाकी जमीन का इस्तेमाल कहां और किस रूप में हो रहा है, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर पड़ताल तेज हो गई है। खासमहाल की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतों के बीच प्रशासन ने पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई की तैयारी है।

251 एकड़ जमीन, लीज पर सिर्फ 11 एकड़

जिले में कुल 251.88 एकड़ खासमहाल भूमि चिह्नित की गई है। इसमें से केवल 11.15 एकड़ जमीन चार लोगों को लीज पर आवंटित है। डीसीएलआर पूर्वी ने खासमहाल भूमि से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट अपर समाहर्ता, राजस्व को भेज दी है। अब इसे मुख्यालय भेजा जाएगा। विभाग की ओर से सभी जिलों से खासमहाल भूमि का ब्योरा मांगा गया था, ताकि जमीन की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।

अतिक्रमण हटाने की तैयारी, विकास कार्यों पर नजर

खासमहाल की अधिकांश जमीन पर अस्थायी निर्माण और अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई थीं। विभाग का उद्देश्य जमीन की स्थिति स्पष्ट कर अतिक्रमण वाले हिस्से की पहचान करना और खाली जमीन को विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराना है।

रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जा सकता है। इससे सरकारी भूमि सुरक्षित रखने के साथ विकास योजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

लीज का नवीकरण नहीं, किराया भी बकाया

खासमहाल की जिन जमीनों को पहले लीज पर दिया गया है, उनका नवीकरण नहीं हो पाया है। इसके कारण लीज का किराया भी सरकारी खाते में जमा नहीं हो रहा है। सबसे अधिक किराया इमलीचट्टी बस स्टैंड का बकाया बताया गया है। खासमहाल की नई लीज नीति के अनुसार अब जमीन का लीज आवंटन और नवीकरण किया जाना है। इससे सरकारी राजस्व की वसूली का रास्ता भी साफ हो सकता है।

सिकंदरपुर मन में फिर बढ़ने लगा कब्जा

सिकंदरपुर मन क्षेत्र में खासमहाल भूमि पर अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ रही है। यहां रोक के बावजूद जमीन पर मकान बनाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त अतुल प्रसाद की सख्ती के बाद अतिक्रमण पर कुछ हद तक रोक लगी थी। उनके तबादले के बाद फिर से कब्जे की गतिविधियां बढ़ने की बात सामने आई है। अब खासमहाल भूमि की रिपोर्ट तैयार होने के बाद इस क्षेत्र में भी प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर उम्मीद बढ़ी है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में 25 से 27 नवंबर तक रात में बंद रहेगा रामदयालु फाटक, खबड़ा से गुजर सकेंगे वाहन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।