मुजफ्फरपुर के कटरा में बागमती की उपधारा में डूबे चौथी के दो छात्र, एक दूसरे को बचाने में गंवाई जान
मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र के बसघट्टा में बागमती की उपधारा में डूबने से चौथी कक्षा के दो छात्रों की ...और पढ़ें

ऋषभ कुमार (बाएं से उपर) और आदर्श कुमार (बाएं नीचे की फाइल फोटो) l सौ. स्वजन तथा घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण। फोटो सौ: जागरण
संवाद सहयोगी, कटरा (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Katra Drowning Incident: मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र के बसघट्टा में शनिवार को बागमती की उपधारा में डूबने से चौथी कक्षा के दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों की उम्र करीब 10 वर्ष थी और वे सहपाठी थे।
ग्रामीणों के अनुसार, एक बच्चे का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया, जबकि उसे बचाने की कोशिश में दूसरा भी डूब गया।
शौच जाने की बात कह निकले
मृतकों की पहचान बसघट्टा निवासी सुरेश महतो के पुत्र ऋषभ कुमार और राम हृदय पंडित के पुत्र आदर्श कुमार के रूप में हुई है।
ऋषभ के पिता ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान ऋषभ शौच जाने की बात कहकर बांध की ओर निकला। उसका सहपाठी आदर्श भी उसके साथ था।
बचाने की कोशिश में डूबा ऋषभ
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के साथ दो अन्य बच्चे भी थे। इसी दौरान आदर्श का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख ऋषभ पानी में उतरा और उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की।
हालांकि, इस दौरान वह भी गहरे पानी में चला गया और दोनों की डूबने से मौत हो गई। साथ गए बच्चों ने घटना की जानकारी स्वजन को दी।
ग्रामीणों ने निकाले शव
सूचना मिलने पर स्वजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे। वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी। घटना की जानकारी कटरा पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी। टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव नदी से निकाल लिए गए। इसके बाद उन्हें कटरा पीएचसी ले जाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।
दोनों परिवारों में कोहराम
ऋषभ की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि सुरेश महतो के घर लंबे इंतजार और मनौती के बाद पुत्र का जन्म हुआ था।
बेटी के विवाह के बाद उन्हें पुत्र सुख मिला था। वहीं, आदर्श के पिता राम हृदय पंडित मजदूरी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहते हैं। घटना के समय भी वह बाहर ही थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।