मुजफ्फरपुर स्टेशन री-डेवलपमेंट: क्या 84 दिन ब्लॉक रहेगा प्लेटफॉर्म-1? बदलेगा ट्रेनों का शेड्यूल
मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर विश्वस्तरीय पुनर्विकास कार्य 1 दिसंबर से शुरू होगा, जिसके लिए 84 दिनों का ब्लॉक मांगा गया है।

मुजफ्फरपुर जंक्शन प्लेटफॉर्म एक पर निर्माण कार्य तेज
HighLights
प्लेटफॉर्म एक पर 1 दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू होगा।
निर्माण के लिए 84 दिनों का ब्लॉक मांगा गया है।
साइबर थाना और मालखाना को शिफ्ट करने पर विचार।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन के विश्वस्तरीय पुनर्विकास की राह में अब प्लेटफॉर्म नंबर एक पर निर्माण कार्य तेज करने की तैयारी है। 30 नवंबर को प्लेटफॉर्म-1 का करीब 450 मीटर हिस्सा रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) को सौंप दिया जाएगा।
छठ पर्व में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए फिलहाल ब्लॉक टाल दिया गया है। अब एक दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। इसके लिए 84 दिनों का ब्लॉक मांगा गया है। पुराने पूछताछ कार्यालय से नारायणपुर एंड की तरफ करीब 450 मीटर हिस्से में काम शुरू होगा।
इसको लेकर प्लेटफॉर्म-एक स्थित पुराने वीआईपी कक्ष में आरएलडीए और समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। देर रात तक चली मैराथन बैठक में निर्माण के दौरान ट्रेनों के परिचालन, प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल और रेलवे के विभिन्न कार्यालयों को शिफ्ट करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पार्सल के पास से चलेंगी ट्रेनें, दूसरे प्लेटफॉर्म पर बढ़ेगा दबाव:
ब्लॉक के दौरान प्लेटफॉर्म-1 से चलने वाली ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया जाएगा। सभी ट्रेनों को पार्सल कार्यालय के पास से रवाना करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए वहां स्टॉप बोर्ड लगाया जाएगा। ट्रेनें प्लेटफॉर्म की पूरी लंबाई में नहीं लगेंगी, बल्कि निर्धारित हिस्से में ही खड़ी होंगी।
प्लेटफॉर्म-1 पर निर्माण कार्य के कारण प्लेटफॉर्म-दो, तीन, चार और पांच का इस्तेमाल होगा। ऐसे में ट्रेनों के ठहराव और परिचालन का नया तालमेल बनाना रेल अधिकारियों के लिए चुनौती होगी।
साइबर थाना और मालखाना को शिफ्ट करने पर विचार:
बैठक में जंक्शन परिसर में संचालित साइबर थाना और मालखाना को दूसरी जगह शिफ्ट करने पर भी विचार हुआ। अधिकारियों ने संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।
मालखाना को जीआरपी परिसर में और साइबर थाना को आरपीएफ बैरक के पास स्थित पुराने क्रू लाबी में शिफ्ट करने के विकल्प पर चर्चा हुई। इस संबंध में आरएलडीए के अधिकारियों ने रेल एसपी से भी बात करने की बात कही।
बैठक में समस्तीपुर रेल मंडल की ओर से सीनियर डीईएन-3 रविंद्र कुमार राज, आरएलडीए की ओर से जेजेएम शैलेश कुमार, एरिया ऑफिसर रविशंकर महतो, स्टेशन प्रबंधक शिवदास, टीआई मनोज कुमार सिंह, डीसीआई राजेश रंजन समेत अन्य रेल अधिकारी शामिल रहे।
