पीएम मोदी के वैशाली दौरे से पहले मुजफ्फरपुर में भी सुरक्षा अलर्ट, होटलों पर पुलिस की नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने शहर के होटलों में छापेमारी कर ठहरने वालों का सत्यापन किया।

मुजफ्फरपुर के होटल में जांच करती पुलिस । सौजन्य- पुलिस
HighLights
पीएम मोदी के वैशाली कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा बढ़ी।
मुजफ्फरपुर के होटलों में संदिग्धों की तलाश में छापेमारी।
ठहरने वालों के आधार कार्ड और रजिस्टर की जांच हुई।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वैशाली दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। कार्यक्रम को देखते हुए मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में गुरुवार की देर रात मुजफ्फरपुर पुलिस ने शहर के होटलों में अचानक जांच अभियान चलाया।
स्टेशन रोड से लेकर मिठनपुरा, अहियापुर और भगवानपुर तक पुलिस की टीम पहुंची। होटलों में ठहरे लोगों की पहचान से लेकर उनके दस्तावेज तक खंगाले गए। इस कार्रवाई से होटल संचालकों और वहां ठहरे लोगों में हलचल रही।
स्टेशन रोड से भगवानपुर तक जांच
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में होटलों की जांच की। स्टेशन रोड, मिठनपुरा, अहियापुर और भगवानपुर सहित कई क्षेत्रों में देर रात तक अभियान चलाया गया। पुलिस की टीमें एक-एक होटल में पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाती रहीं।
रजिस्टर से आधार कार्ड तक का सत्यापन
जांच के दौरान पुलिस ने होटलों के रजिस्टर खंगाले। वहां ठहरे लोगों के नाम-पते और पहचान संबंधी जानकारी का मिलान किया गया। इसके साथ ही उनके आधार कार्ड की भी जांच की गई। पुलिस का उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी जुटाना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
सीमावर्ती जिलों में भी बढ़ाई गई सतर्कता
प्रधानमंत्री के वैशाली में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सीमावर्ती जिलों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों और ठहरने के प्रमुख केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं
पुलिस की ओर से देर रात तक चलाए गए जांच अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए एहतियातन यह अभियान चलाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।