दीपावली और छठ पर इमरजेंसी को लेकर न लें टेंशन, मुजफ्फरपुर के अस्पतालों में 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे डॉक्टर
Diwali Chhath Health Emergency: मुजफ्फरपुर स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली और छठ त्योहारों के लिए 24x7 आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की ...और पढ़ें

नियंत्रण कक्ष में नोडल पदाधिकारी तैनात किए गए हैं और हेल्प नंबरों का व्यापक प्रचार किया जा रहा है!
HighLights
मुजफ्फरपुर के अस्पताल त्योहारों पर 24x7 आपातकालीन सेवा देंगे।
जीवन रक्षक दवाएं, ऑक्सीजन, एम्बुलेंस और ब्लड बैंक उपलब्ध रहेंगे।
खाद्य सुरक्षा जांच और स्टाफ की ड्यूटी रोस्टर सुनिश्चित किए गए।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Health Department: दीपावली और छठ के त्योहारों पर निजी क्लीनिकों और चिकित्सा व्यवस्था के अक्सर सुस्त रहने से लोगों की चिंता बढ़ जाती है, लेकिन इस बार घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी स्वास्थ्य इमरजेंसी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव रवि कुमार के निर्देश पर मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच, सदर अस्पताल समेत सभी सीएचसी और पीएचसी में 24×7 आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पूरी क्षमता के साथ सक्रिय कर दी गई है।
पुख्ता चिकित्सीय इंतजाम
त्योहारों के इस उल्लास भरे माहौल में दुर्घटनाओं या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाएं, एंटी-स्नेक वेनम, आईवी फ्लूइड्स और ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगी।
इसके साथ ही संभावित हादसों और आग से बचाव के लिए सभी अस्पतालों में विशेष बर्न वार्ड आरक्षित रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि पीड़ित का तुरंत और सही इलाज हो सके।
एम्बुलेंस और ब्लड बैंक
आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए 102 एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। इन एम्बुलेंस में जीवन रक्षक उपकरण, फर्स्ट एड किट और पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसके अलावा वेंटिलेटर, क्रिटिकल केयर बेड और ब्लड बैंकों में सभी ग्रुप के रक्त की उपलब्धता पहले से ही पुख्ता कर ली गई है ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की भागदौड़ न करनी पड़े।
ड्यूटी रोस्टर चस्पा
अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस चालकों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। प्रत्येक संस्थान में ऑन-कॉल विशेषज्ञों (जैसे शल्य, अस्थि, नेत्र, मेडिसिन, शिशु, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) के नाम और मोबाइल नंबर सहित ड्यूटी रोस्टर आपातकालीन कक्ष और सूचना पट्ट पर प्रदर्शित रहेगा।
नियंत्रण कक्ष में नोडल पदाधिकारी तैनात किए गए हैं और हेल्प नंबरों का व्यापक प्रचार किया जा रहा है, जिससे लोग बेझिझक संपर्क कर सकें।
खाद्य सुरक्षा पर नजर
त्योहारों में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य संरक्षा पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मिठाई, खोया, छेना, घी और खाद्य तेल की दुकानों से नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा अस्पतालों के ऑक्सीजन प्लांट और सिलेंडर भंडार के आसपास दीया, मोमबत्ती या पटाखे जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में पीजी छात्रों की इंटरनल परीक्षा शुरू, थ्योरी के बाद प्रैक्टिकल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।