मुजफ्फरपुर में निजी अस्पताल के बाहर पूर्वी चंपारण के मरीज का शव मिला, परिजनों ने बिचौलिए पर लगाया आरोप
पूर्वी चंपारण के संजय कुमार का शव मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल के बाहर मिला, जहां वे इलाज के लिए ...और पढ़ें

शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
संदीप कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Hospital News: यहां इलाज कराने आए पूर्वी चंपारण के एक युवक का शव शनिवार को निजी अस्पताल के बाहर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर रमना टोला निवासी शिवनाथ साह के पुत्र संजय कुमार (35) के रूप में हुई है। वह इलाज के लिए मुजफ्फरपुर आया था और जूरन छपरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती था।
इलाज के लिए आया था मुजफ्फरपुर
मृतक की पत्नी रेणु देवी ने बताया कि संजय के लिवर में सूजन और सीने में पानी जमा होने की शिकायत थी। पहले संग्रामपुर और मोतिहारी में उसका इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद चार नवंबर को उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया।
बिचौलिये पर लगाया आरोप
रेणु देवी के अनुसार, यहां एक बिचौलिये ने बेहतर इलाज कराने का झांसा देकर संजय को जूरन छपरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
शुक्रवार शाम अस्पताल का बिल जमा करने के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गया और स्वजन उसकी तलाश में जुट गए।
अस्पताल के बाहर मिला शव
शनिवार दोपहर जूरन छपरा चौक के समीप निजी अस्पताल के बाहर सड़क पर संजय का शव मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद इलाके में भी सनसनी फैल गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि स्वजन की ओर से अभी कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।