मुजफ्फरपुर में अवैध नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, मरीज को छोड़ भागे कर्मचारी
सकरा प्रखंड में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध निजी नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापेमारी की, जिससे संचालकों में हड़कंप मच गया।

जांच को पहुंचे अधिकारी। (जागरण)
HighLights
सकरा में अवैध नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई।
एक नर्सिंग होम से मरीज को छोड़कर भागे सभी स्वास्थ्यकर्मी।
जांच टीम के डॉक्टर ने भर्ती मरीज का तत्काल उपचार किया।
संवाद सहयोगी, सकरा (मुजफ्फरपुर)। प्रखंड में वर्षों से संचालित अवैध निजी नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की।
छापेमारी की सूचना मिलते ही संचालकों में हड़कंप मच गया। इस क्रम में जांच टीम के पहुंचते ही सुजावलपुर चौक के निकट स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती मरीज और उनके स्वजन को भगवान भरोसे छोड़ सभी स्वास्थ्य कर्मी फरार हो गए।
ढूंढ़ने पर संचालक का कोई अता-पता नहीं चला। जांच टीम में शामिल चिकित्सक ने ही भर्ती मरीज का तत्काल उपचार किया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. फज़ल के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक अल्ट्रासाउंड केंद्रों और दो नर्सिंग होम की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में कोई भी संस्थान निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप संचालित होता नहीं मिला।
टीम ने सभी संचालकों को निबंधन, चिकित्सकों की उपलब्धता, उपकरणों की वैधता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख सौंपने की चेतावनी दी है।
मरीज को छोड़कर भागे
सुजावलपुर चौक के निकट स्थित नर्सिंग होम में भर्ती मरीज को छोड़कर भाग जाने की घटना से जांच टीम का संदेह और गहरा गया है। जांच टीम को जानकारी मिली कि ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला का इलाज चल रहा था। इस बीच उन्हें छोड़कर भाग जाना पूरी तरह लापरवाही है।
नर्सिंग होम में किसी भी कर्मी के नहीं रहने के कारण अधिकारियों की टीम वहां उपलब्ध दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की भी जांच नहीं कर सकी।
चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है और वरीय अधिकारियों को विस्तृत लिखित प्रतिवेदन सौंपा जाएगा।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, अब गांव-गांव मिलेंगे कृषि यंत्रों के प्रशिक्षित मैकेनिक
