मुजफ्फरपुर को मिलेगी बड़ी सौगात, मार्च तक तैयार होगा 2000 सीटों वाला आधुनिक आडिटोरियम
मुजफ्फरपुर में दाउदपुर कोठी में 2000 दर्शकों की क्षमता वाला अत्याधुनिक प्रेक्षागृह अगले वर्ष मार्च तक तैयार हो जाएगा। यह ...और पढ़ें

निर्माण कार्य का जायजा लेते जिलाधिकारी। सौजन्य- पीआरडी
HighLights
मुजफ्फरपुर में 2000 दर्शकों की क्षमता वाला प्रेक्षागृह बन रहा है।
यह अत्याधुनिक सभागार अगले वर्ष मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कला आयोजनों को मिलेगा आधुनिक मंच।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। शहर में अब बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाटकों और कला आयोजनों के लिए एक अत्याधुनिक मंच मिलने जा रहा है। दाउदपुर कोठी में बन रहा 2000 दर्शकों की क्षमता वाला प्रेक्षागृह अगले वर्ष मार्च तक तैयार हो जाएगा।
इसके शुरू होने से मुजफ्फरपुर के लोगों को बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस सभागार मिलेगा। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बुधवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण कर 31 मार्च 2027 तक इसे पूरा करने का अल्टीमेटम दिया।
3.12 एकड़ में बन रहा प्रेक्षागृह
दाउदपुर कोठी में 3.12 एकड़ जमीन पर इस अत्याधुनिक आडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें एक साथ 2000 लोग बैठ सकेंगे। पूरा भवन वातानुकूलित होगा। दर्शकों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार, दो निकास द्वार और दो वेटिंग हाल बनाए जा रहे हैं।
70 प्रतिशत काम पूरा
निर्माण कार्य दो मई 2025 को शुरू हुआ था। अब तक करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मेन ब्लाक, चहारदीवारी और टैंक का निर्माण जारी है। जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए भवन कार्यपालक अभियंता को निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।
स्थानीय वास्तुकला की दिखेगी झलक
कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि भवन की डिजाइन स्थानीय वास्तुकला के अनुरूप तैयार की गई है। इसकी आकृति दीर्घ वृत्ताकार होगी और ऊंचाई 19.6 मीटर रहेगी। आधुनिक डिजाइन के साथ इसमें दर्शकों की सुविधा और कार्यक्रमों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है।
स्टेज से लेकर साउंड तक आधुनिक व्यवस्था
प्रेक्षागृह में वीडियो स्क्रीन, स्टेज लाइटिंग, साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर और सीसीटीवी की सुविधा होगी। इसके अलावा बैंबू-वुड फ्लोरिंग और एकास्टिक पैनल लगाए जाएंगे। भूतल पर प्रदर्शनी क्षेत्र, रिसेप्शन और कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। भवन के पीछे पार्किंग और सामने लैंडस्केपिंग की व्यवस्था रहेगी।
कला और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
इस प्रेक्षागृह का प्रशासी विभाग कला एवं संस्कृति विभाग है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी भवन निर्माण विभाग को सौंपी गई है। इसके तैयार होने से जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य प्रस्तुतियों, कला प्रदर्शनियों और अन्य बड़े आयोजनों को बेहतर मंच मिल सकेगा। मुजफ्फरपुर के कलाकारों और कला प्रेमियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।