Muzaffarpur Gas Pipeline Blast: घायल खून से लथपथ, तमाशबीन बने लोग, ई-रिक्शा चालक बना मसीहा
मुजफ्फरपुर के गोबरसही में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट के बाद घायल मदद के बजाय वीडियो बनाते लोगों के बीच एक किलोमीटर ...और पढ़ें

हादसे में जख्मी वैशाली जिला के राजापाकड़ प्रखंड जदयू अध्यक्ष अवधेश कुमार (दाएं) व अन्य।
HighLights
गैस पाइपलाइन ब्लास्ट में घायल एक किमी पैदल चले।
मदद के बजाय लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।
ई-रिक्शा चालक ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Gas Pipeline Blast: सड़क पर बिखरा खून, तड़पते और कराहते घायल और मदद के लिए आगे आने के बजाय हाथ में मोबाइल थामे वीडियो बनाते लोग... मुजफ्फरपुर के गोबरसही में हुए गैस पाइपलाइन ब्लास्ट की इस घटना ने एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर दिया है।
हादसे का शिकार हुए लोग जब जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे, तब तमाशबीन लोग अपनी जिम्मेदारी भूलकर मोबाइल में वीडियो और फोटो कैद करने में व्यस्त थे।
एक किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान वैशाली जिला के राजापाकड़ प्रखंड जदयू अध्यक्ष एवं बैकुंठपुर निवासी अवधेश कुमार ने आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे थार गाड़ी में सवार होकर आयुर्वेद डॉक्टर से इलाज कराने मुजफ्फरपुर आ रहे थे।
इसी दौरान गोबरसही-डुमरी रोड में एक भयानक विस्फोट हुआ। उन्हें ऐसा लगा मानो कोई भारी चीज धरती को चीरकर हवा में उड़ रही हो।
जोरदार धमाके के साथ उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जब तक कुछ समझ में आता, गाड़ी में सवार सभी लोग लहूलुहान हो चुके थे।
मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग
हादसे के बाद किसी तरह वे गाड़ी से बाहर निकले, लेकिन आसपास मौजूद लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे।
भीड़ में किसी का भी दिल नहीं पसीजा, तब घायलों ने खुद ही हिम्मत जुटाई। खून से लथपथ और असहनीय दर्द सहते हुए अवधेश कुमार, उनके साथ मौजूद अशोक कुमार और ड्राइवर रणधीर कुमार एक किलोमीटर तक पैदल चलते रहे।
इस दौरान सड़क से गुजरने वाली कई गाड़ियां और राहगीर भी उन्हें देखकर कतराकर निकल गए।
मसीहा बना ई-रिक्शा चालक
घायलों की लाचारी के बीच अचानक एक ई-रिक्शा चालक की नजर उन पर पड़ी। उसने सड़क पर लहूलुहान हालत में घूम रहे तीनों घायलों को तुरंत अपने ई-रिक्शा में बैठाया और बिना एक भी पल गंवाए सीधा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
थार में सवार थे कुल चार लोग
वैशाली से मुजफ्फरपुर आ रही उस थार गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। इनमें वैशाली जिले के राजापाकड़ प्रखंड के बैकुंठपुर निवासी अवधेश कुमार, रणधीर कुमार, राजापाकड़ गांव के अनरजीत कुमार और भलुई पंचायत के पचैन महेश निवासी अशोक कुमार राय शामिल थे। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।