बेटे की जिद पूरी करने मुजफ्फरपुर से कोलकाता गए थे पिता: बारिश से बचने पंडाल में छिपे, हादसे में दोनों की गई जान
बेटे की दुर्गा प्रतिमाएं देखने की जिद पूरी करने मुजफ्फरपुर से कोलकाता आया एक परिवार चोरबागान पंडाल हादसे का शिकार हो गया।

चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हुई भगदड़। (फोटो- PTI)
HighLights
मुजफ्फरपुर का परिवार दुर्गा प्रतिमाएं देखने कोलकाता आया था।
चोरबागान पंडाल हादसे में पिता-पुत्र की दुखद मौत।
पत्नी गंभीर घायल, परिवार में शोक की लहर।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर/कोलकाता। बेटे की दुर्गा प्रतिमाएं देखने की जिद पूरी करने के लिए मुजफ्फरपुर से कोलकाता आया एक परिवार खुशियों के बजाय मातम में डूब गया।
शनिवार रात चोरबागान में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे में अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उनके नौ वर्षीय बेटे आयुष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई।
अभिषेक की पत्नी निभा कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं। परिवार के साथ आए उनके परिचित राजेश कुमार श्रीवास्तव भी घायल हैं। अभिषेक मुजफ्फरपुर के राजेपुर के पिपरा राघो के रहने वाले थे।
बताया गया कि अभिषेक पत्नी निभा कुमारी व नौ वर्षीय बेटे आयुष के साथ दुर्गा प्रतिमाएं देखने कोलकाता आए थे। वे उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड सात के बीबी घाट रोड निवासी परिचित राजेश कुमार श्रीवास्तव के घर ठहरे थे।
दुर्गा प्रतिमाएं देखने निकला था परिवार
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अभिषेक परिवार व परिचित के साथ दुर्गा प्रतिमाएं देखने निकले थे। चोरबागान में बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए परिवार के सदस्य चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में चले गए।
वहां कुछ ही देर बाद हादसा हो गया, जिसमें अभिषेक व आयुष की जान चली गई। निभा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि राजेश के सीने में चोट आई और उनकी एक पसली टूट गई। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजेश के छोटे भाई मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया उनके बड़े भाई की पत्नी की बहन पति व बेटे के साथ मुजफ्फरपुर से दुर्गा पूजा देखने कोलकाता आई थीं।
हादसे के बाद अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार को आयुष की तलाश थी।
बाद में अधिकारियों से पता चला कि बच्चा भी अस्पताल में है। वहां पहुंचने पर स्वजन को उसकी मौत की जानकारी मिली। एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत से सभी सदमे में हैं।
यह भी पढ़ें- कोलकाता हादसे के बाद अलर्ट मोड पर दिल्ली, दुर्गा पूजा पंडालों की बढ़ी सुरक्षा; दमकल और एंबुलेंस की तैनाती
