विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में किराए के मकान में चल रही थी नकली शराब फैक्ट्री, पुलिस ने तस्कर को किया गिरफ्तार

Published: Sat, 28 Mar 2026 10:55 PM (IST)

उत्पाद विभाग ने मुजफ्फरपुर के दामोदरपुर में एक किराए के मकान से नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। जहां से भारी मात्रा में नकली शराब और उपकरण जब्त किए गए।

पुलिस की गिरफ्त में तस्कर। (जागरण)

पुलिस की गिरफ्त में तस्कर। (जागरण)

HighLights

  1. दामोदरपुर में किराए के मकान से नकली शराब फैक्ट्री पकड़ी गई।

  2. भारी मात्रा में नकली शराब और उपकरण जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार।

  3. एसकेएमसीएच के पास शराब लदी कार जब्त, दो तस्कर फरार।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्पाद विभाग की टीम ने दामोदरपुर शांति विहार कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए किराए के मकान से नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

मौके से धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान सरैया के रेवा चक मधुआ बाजार के संतोष कुमार द्विवेदी के रूप में हुई है।

कमरे से 420 बोतल तैयार की गई नकली शराब, ढ़ाई हजार ढक्कन, चार सौ खाली बोतल, आठ सौ पीस बारकोड और रैपर एवं 10 लीटर स्प्रिट जब्त की गई।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पहली बार इसके ठिकाने से हाइड्रो मीटर सेट भी मिला। इसका उपयोग शराब फैक्ट्रियों में अल्कोहल की मात्रा मापने के लिए किया जाता है।

यह आसानी से बाजार में उपलब्ध नहीं है। विभाग के द्वारा ही फैक्ट्री में उपलब्ध कराया जाता है। इस संबंध में पूछने पर धंधेबाज ने बताया कि पारू के मिथिलेश कुमार ने उसे हाइड्रो मीटर दिया था।

गैरेज में काम करने की बात बोलकर लिया था मकान 

धंधेबाज ने पूछताछ में उत्पाद इंस्पेक्टर को बताया कि उसने मकान मालिक को गैरेज में काम करने की बात बोलकर एक माह पहले किराए पर कमरा लिया था।

इसी आड़ में वह नकली शराब बनाने का धंधा करता था। इसकी गुप्त सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार राम, प्रकाश कुमार, एएसआई नीरज कुमार समेत अन्य के साथ छापेमारी कर कार्रवाई की गई।

नकली शराब की बोतलों पर फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश का टैग लगा हुआ था। जब्त शराब की जांच के लिए लैब में भेजने की कवायद की जा रही है।

ट्रेन से शराब लेकर उतरा, कार में रखकर भागा 

वहीं, दूसरी ओर उत्पाद विभाग की टीम ने एसकेएमसीएच के समीप से शराब से लदी कार को जब्त किया। मौके से दो धंधेबाज फरार हो गए। दोनों को चिह्नित कर अभियोग दर्ज किया गया है।

ॉउत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शनिवार की सुबह ट्रेन से एक युवक ट्राली बैग लेकर उतरा था। इसमें पंजाब निर्मित शराब थी। बाहर निकलने के बाद वह कार में सवार हो गया और अखाड़ाघाट होते हुए निकला।

इसी बीच सब इंस्पेक्टर ज्योति कुमारी, एएसआइ सुनारथ कुमारी और एएसआइ सतीश कुमार ने पीछा किया। इस दौरान कई बार कार चालक ने उत्पाद विभाग की गाड़ी को चकमा देकर टक्कर मारने की भी कोशिश की।

अंतत : एसकेएमसीएच के पास कार और शराब छोड़कर दोनों भाग निकले। धंधेबाजों की पहचान पूर्वी चंपारण चकिया के विकास कुमार और केसरिया के निशांत कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। ट्राली बैग से 68 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

यह भी पढ़ें- जमुई में बेटे ने मां के साथ मिलकर शराबी पिता को उतारा मौत के घाट, बालू में दफनाया शव