विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में बेटे ने मां के साथ मिलकर शराबी पिता को उतारा मौत के घाट, बालू में दफनाया शव

Published: Fri, 27 Mar 2026 06:39 PM (IST)

जमुई में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक शराबी पिता प्रकाश यादव की उसके बेटे अविनाश ...और पढ़ें

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. शराबी पिता की बेटे-पत्नी ने की हत्या।

  2. नशे में मारपीट से परेशान था परिवार।

  3. शव लिपटवा घाट में दफनाया गया था।

संवाद सूत्र, सोनो(जमुई)। चरकापत्थर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक अधेड़ की हत्या उसके अपने ही घर में कर दी गई और शव को दफनाकर छिपा दिया गया।

शुक्रवार को लिपटवा घाट से शव बरामद होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान असरहुआ निवासी प्रकाश यादव (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में पत्नी, बेटे समेत पांच लोगों को आरोपित बनाया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की हत्या कर शव को लिपटवा घाट में दफना दिया गया है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालू की खोदाई कर शव बरामद किया।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए। इधर, पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रकाश शराब का आदी था और नशे में अक्सर घर में विवाद करता था। वह पत्नी व अन्य स्वजनों के साथ मारपीट करता था, जिससे परिवार के लोग परेशान थे।

स्वजनों ने मिलकर की पिटाई

करीब दस दिन पहले नशे में उसने पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गई थी। इसी से आक्रोशित होकर बेटे अविनाश यादव ने मां और अन्य स्वजनों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपितों ने साजिश के तहत शव को लिपटवा घाट में ले जाकर बालू के नीचे दफना दिया ताकि किसी को भनक न लगे। शव दफनाने के बाद पत्नी रेखा देवी झाझा थाना क्षेत्र के रजला स्थित अपने मायके चली गई।

वहीं, आरोपित बेटा अविनाश फरार हो गया। मामले में पुलिस ने पत्नी रेखा देवी, इंद्रदेव यादव, योगेंद्र यादव और अवधेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित पुत्र अविनाश यादव फरार है।

यह भी पढ़ें- बक्सर में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास, पुलिस ने 2 युवकों को किया गिरफ्तार

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

-

राजेश कुमार, एसडीपीओ, झाझा