विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिला स्कूल मुजफ्फरपुर की बदहाली देख आयुक्त ने पूछा यह स्कूल है या ढाबा, बनाया श्रमदान का प्लान

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:10 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के जिला स्कूल में आयुक्त के औचक निरीक्षण में गंदगी और बदहाल व्यवस्था उजागर हुई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए साप्ताहिक श्रमदान अभियान चलाने और शैक्षणिक व सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

जिला स्कूल में निरीक्षण करते प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह बाएं। जागरण

जिला स्कूल में निरीक्षण करते प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह बाएं। जागरण

HighLights

  1. आयुक्त ने जिला स्कूल में गंदगी और बदहाली पाई।

  2. सप्ताह में 30 मिनट का श्रमदान अभियान चलाने का निर्देश।

  3. सुरक्षा, पढ़ाई और शिक्षक प्रशिक्षण में सुधार के आदेश।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जिला स्कूल की शैक्षणिक और बुनियादी व्यवस्था सुधारने के दावों की सोमवार को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह के औचक निरीक्षण में पोल खुल गई।

विद्यालय परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी, फ्लैक्स-बैनर और बदहाल रखरखाव देखकर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह स्कूल है या ढाबा।

उन्होंने पूरे तिरहुत प्रमंडल के विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन 30 मिनट का श्रमदान अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसकी शुरुआत जिला स्कूल से होगी। इसमें आयुक्त स्वयं, जिलाधिकारी, डीईओ, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे।

इसके लिए रोस्टर तैयार करने को कहा गया है। आयुक्त ने कहा कि सामूहिक श्रमदान से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित होगी।

आयुक्त ने विद्यालय में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि ऐसे लोगों के विरुद्ध अब तक कितनी प्राथमिकी कराई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कमरों में ताले लगाने और पंखे, स्विच सहित अन्य संसाधनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। पुराने और जर्जर नोटिस बोर्ड को हटाकर साफ्ट बोर्ड लगाने तथा परिसर, पार्क और खेल मैदान की साफ-सफाई व रखरखाव के लिए माली रखने को कहा।

परीक्षा के नाम पर नौवीं-11वीं की पढ़ाई बंद नहीं हो

निरीक्षण के दौरान नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के नाम पर छुट्टी दिए जाने पर आयुक्त ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के घंटे सीमित हैं। ऐसे में अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान भी इन कक्षाओं की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।

बोर्ड परीक्षा को छोड़कर अन्य परीक्षाओं के समय नियमित कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था की जाए। माडल स्कूल में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, पढ़ाई में अनियमितता और ड्रेस कोड का पालन नहीं होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

संस्कृत शिक्षक की कमी, प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी सवाल

विद्यार्थियों से बातचीत में संस्कृत शिक्षक की कमी की जानकारी मिलने पर आयुक्त ने डीईओ को आसपास के विद्यालयों से संस्कृत शिक्षक प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया।

जरूरत पड़ने पर निजी शिक्षक की व्यवस्था के लिए उच्चाधिकारियों से अनुरोध करने को भी कहा। विद्यालय में चल रहे शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

प्रशिक्षण में सरकार की निर्धारित एसओपी का पालन नहीं होने और प्रोजेक्टर सहित जरूरी संसाधनों की कमी पर नाराजगी जताई। उन्होंने मानकों के अनुरूप दोबारा प्रशिक्षण कराने का निर्देश दिया।

कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता और खानपान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिक्षकों को नई शिक्षा नीति, नवाचार और पढ़ाई के नए तरीकों की जानकारी मिलनी चाहिए।

आयुक्त ने कहा कि जिला स्कूल को स्टेट आफ आर्ट संस्थान के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए भवन की मरम्मत और आधारभूत संरचना के विकास के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक व मानसिक विकास पर भी ध्यान देना होगा।

विद्यालय को ऐसा शिक्षा केंद्र बनाया जाए, जहां से दूसरे स्कूलों के शिक्षक भी मार्गदर्शन ले सकें। उन्होंने कहा कि 15 से 20 दिनों बाद फिर निरीक्षण करेंगे। यहां के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के साथ आइआइटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन करें।

यह भी पढ़ें- बिहार में फर्जी प्रमाणपत्र वाले शिक्षकों की सेवा होगी समाप्त, समयबद्ध तरीके से सेवा होगी समाप्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।