मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में गैस रिसाव से मची अफरातफरी, जमीन के नीचे वाल्व में मिली लीकेज
मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में एक ऑक्सीजन प्लांट के पास भूमिगत वाल्व से गैस रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। समय रहते पहचान होने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन गोबरसही घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा पर चिंता बढ़ गई है।

गुरुवार की रात बेला औद्योगिक क्षेत्र में गैस रिसाव से अफरातफरी मच गई।
HighLights
बेला औद्योगिक क्षेत्र में भूमिगत वाल्व से गैस रिसाव।
समय पर पहचान से बड़ा हादसा टला, फैली अफरातफरी।
औद्योगिक सुरक्षा पर चिंता बढ़ी, जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Gas Leakage Incident: मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी रोड पर पाइपलाइन विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना के बाद गुरुवार की रात बेला औद्योगिक क्षेत्र में गैस रिसाव से अफरातफरी मच गई।
फेज-दो स्थित आक्सीजन प्लांट के समीप जमीन के नीचे लगे वाल्व से तेजी से गैस निकल रही थी। इसकी गंध पूरे इलाके में फैलने लगी। हालांकि, समय रहते रिसाव की पहचान हो जाने से बड़ा हादसा टल गया।
रात नौ बजे दी गई सूचना
बेला औद्योगिक क्षेत्र में कई कल-कारखाने संचालित हैं। अलग-अलग फैक्ट्रियों से निकलने वाली गंध के कारण शुरुआत में लोगों को गैस रिसाव का पता नहीं चला।
जब गंध असामान्य रूप से तेज होने लगी तो कुछ उद्यमियों को पाइपलाइन से गैस निकलने की आशंका हुई। इसके बाद रात करीब नौ बजे पीएनजी के आपातकालीन नंबर पर फोन कर इसकी सूचना दी गई।
देर रात तक चला मरम्मत का काम
सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची। जांच में वाल्व में लीकेज से गैस रिसाव होने की बात सामने आई। इसके बाद आक्सीजन प्लांट की ओर जाने वाले रास्ते को घेरकर मरम्मत का काम शुरू किया गया। वहां खड़े वाहनों को हटाने के लिए अनाउंसमेंट कराया गया।
जानकारी मिलने पर आइओसीएल के पीएनजी विभाग के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में देर रात तक वाल्व की मरम्मत की जाती रही।
रास्ता बंद रहने के कारण उद्यमियों को दूसरे मार्ग से आवागमन करना पड़ा। रिसाव ठीक होने की जानकारी लेने के लिए उद्यमी देर रात तक एक-दूसरे को फोन करते रहे।
गोबरसही हादसे के बाद बढ़ी चिंता
बेला में गैस रिसाव की घटना को उद्यमी गोबरसही-डुमरी रोड पर हुए पाइपलाइन विस्फोट से जोड़कर देख रहे हैं। वहां नाला निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आग लग गई थी।
इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पाइपलाइन की सुरक्षा और निर्माण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब बेला में रिसाव की घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
पहले भी हो चुकी हैं दो बड़ी घटनाएं
गुरुवार को जहां गैस रिसाव हुआ, उसके आसपास पहले भी दो बड़ी औद्योगिक घटनाएं हो चुकी हैं। यहां एक कुरकुरे फैक्ट्री में ब्लोअर विस्फोट हुआ था।
वहीं, आक्सीजन प्लांट में आग लगने की घटना भी सामने आ चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से उद्यमियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेचैनी है। उनका सवाल है कि औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन की नियमित जांच और वाल्व की निगरानी की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।