विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में जेसीबी खुदाई में PNG पाइपलाइन टूटने से गैस रिसाव, 3 हजार गैस कनेक्शन की आपूर्ति ठप

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:26 PM (IST)

हरदोई में लखनऊ रोड पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान जेसीबी से पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई । सुरक्षा के लिए ...और पढ़ें

पाइपलाइन फटने से तेज गैस रिसाव हुआ और एक घंटे तक अफरातफरी मची रही।

पाइपलाइन फटने से तेज गैस रिसाव हुआ और एक घंटे तक अफरातफरी मची रही।

HighLights

  1. जेसीबी से पीएनजी पाइपलाइन टूटने से हरदोई में गैस रिसाव।

  2. एक घंटे तक अफरातफरी, 3000 पीएनजी कनेक्शन प्रभावित हुए।

  3. प्रशासनिक अधिकारियों और टीमों ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।

जागरण संवाददाता, हरदोई। लखनऊ रोड पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान सोमवार दोपहर जेसीबी से पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। इससे आसपास अफरातफरी मच गई। करीब एक घंटे तक लोग दहशत में रहे। सुरक्षा के लिए मुख्य वाल्व बंद कराए जाने से शहर के करीब तीन हजार पीएनजी कनेक्शनों की गैस आपूर्ति प्रभावित हो गई। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थिति संभाली।

हरदोई-लखनऊ मार्ग पर चांद बेहटा मुहल्ले में अतुल पेट्रोल पंप के सामने सड़क चौड़ीकरण के लिए जेसीबी से खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान भूमिगत पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से तेज गैस निकलने लगी। बताया गया कि हादसे के बाद जेसीबी चालक और ठेकाकर्मी मौके से चले गए। सूचना मिलते ही नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, एसडीएम सदर गुलाब चंद्र, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच गई।

लखनऊ चुंगी स्थित मुख्य वाल्व बंद कराकर गैस रिसाव रोका गया। इस दौरान कुछ देर यातायात भी बाधित रहा। खतरा टलने के बाद अधिकारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

हवा से हल्की होती है पीएनजी गैस

पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंचने वाली पीएनजी का मुख्य घटक मीथेन होता है। यह हवा से हल्की होती है, इसलिए रिसाव होने पर सामान्यतः ऊपर की ओर उठकर फैलती है। हालांकि इसे पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता। हवा में इसकी पर्याप्त मात्रा जमा होने पर चिंगारी या आग के संपर्क में आने से आग लगने अथवा विस्फोट का खतरा रहता है। इसलिए गैस रिसाव की स्थिति में तत्काल सावधानी बरतना जरूरी है।

गैस रिसाव होने पर बरतें सावधानी

तत्काल घटनास्थल से दूर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और दूसरों को भी दूर रखें।

आग न जलाएं और न ही बिजली के स्विच चालू या बंद करें।

रिसाव रोकने या पाइपलाइन की मरम्मत खुद करने का प्रयास न करें।

सुरक्षित दूरी पर पहुंचकर संबंधित गैस कंपनी और अग्निशमन विभाग को सूचना दें।

तेज रिसाव या आग लगने की स्थिति में आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर काल करें।

यह हो चुकी घटनाएं

17 मार्च 2026 को शहर के बावन रोड पर एक पानी की टंकी के पास भूमिगत पीएनजी पाइपलाइन के वाल्व में अचानक लीकेज हो गया। गैस रिसाव के साथ तेज आवाज गूंजने से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। सूचना पर अधिकारियों समेत फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

19 अक्टूबर 2026 शहर के रेलवेगंज स्थित जिंदपीर चौराहे प्रभु इलेक्ट्रानिक के पास पर बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर और पोल लगाने के लिए जेसीबी व ड्रिल मशीन से खुदाई की जा रही थी। इस दौरान भूमिगत पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और तेजी से गैस रिसाव शुरू हो गया। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल रेलवे स्टेशन मार्ग पर यातायात रोककर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कराई और तकनीकी टीम की मदद से लीकेज पर काबू पाया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।