औराई में नहाते समय महिला का वीडियो बनाया, दो भाइयों पर यौन शोषण और 80 हजार ऐंठने का आरोप
मुजफ्फरपुर के औराई में एक महिला ने दो भाइयों पर नहाते समय वीडियो बनाकर यौन शोषण करने और 80 हजार रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

HighLights
महिला ने दो भाइयों पर यौन शोषण का आरोप लगाया।
नहाते समय वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और पैसे ऐंठे गए।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, औराई (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Aurai Crime News: मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये के मकान में रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने पड़ोसी और उसके बड़े भाई पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता दो बच्चों की मां है और उसका पति मुंबई में निजी नौकरी करता है। इस मामले में महिला ने वरीय पुलिस अधिकारियों और औराई थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
वीडियो दिखाकर ब्लैकमेलिंग
महिला के अनुसार, पड़ोसी ने नहाते समय उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर जबरन यौन शोषण किया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घटना की जानकारी आरोपित के बड़े भाई को दी, तो उसने भी उसी वीडियो के जरिए धमकी दी और उसका यौन शोषण किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उसके खाते से 80 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
प्रस्ताव को ठुकराने का जिक्र
आवेदन में महिला ने बताया कि उसने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी थी, जिसके बाद एक माह पहले उसके पति ने उसे तलाक दे दिया।
पीड़िता के मुताबिक, कुछ स्थानीय लोगों ने एक लाख रुपये देकर मामले को रफा-दफा करने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन उसने इसे स्वीकार नहीं किया और पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन
महिला ने औराई थाने में दिए आवेदन में रेहान और फैजान को आरोपित किया है। मामले को लेकर औराई थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद विधि सम्मत व न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।