विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

11 छात्राओं से यौन शोषण के आरोपों पर कांग्रेस घिरी, भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:09 PM (IST)

भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू में छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी कांग्रेस सांसद को बचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

भाजपा महिला मोर्चा राहुल गांधी पर छात्राओं से यौन शोषण के आरोपित सांसद को बचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही हैं। जागरण

भाजपा महिला मोर्चा राहुल गांधी पर छात्राओं से यौन शोषण के आरोपित सांसद को बचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही हैं। जागरण

HighLights

  1. भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

  2. जेएनयू यौन शोषण के आरोपी सांसद को बचाने का आरोप।

  3. कांग्रेस से आरोपी को निष्कासित करने की मांग।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस को घेरने में जुट गई है। पिछले दिनों एसआईआर के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान महिला कांस्टेबल के साथ राहुल गांधी के धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल होने के बाद जेएनयू में छात्राओं से यौन शोषण के मामले में कांग्रेस सांसद के प्रोफेसर पद से बर्खास्त होने का मामला सामने आने पर भाजपा को एक और मुद्दा मिल गया है। भाजपा महिला मोर्चा राहुल गांधी पर छात्राओं से यौन शोषण के आरोपित सांसद को बचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही है।

'बेटियों का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित न रहे'

दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर आईटीओ के नजदीक से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस मुख्यालय की तरफ बढ़ रही भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया।

पंजाब की सह प्रभारी अलका गुर्जर हमें सत्ता नहीं, बल्कि अपनी बेटियों और बहनों की सुरक्षा चाहिए। हम सभी यहां अपनी बच्चियों और बहनों की सुरक्षा एवं उनके सम्मान की रक्षा के लिए एकत्रित हुए हैं। महिलाओं और बेटियों का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। आरोपित सांसद का निष्कासन होना चाहिए।

'11 छात्राओं को अब तक न्याय क्यों नहीं मिला?'

मणिपुर की प्रदेश अध्यक्ष शारदा इस मामले में साक्ष्य सामने आने के बावजूद सोनिया गांधी, राहुल गांधी और विभिन्न राज्यों के कांग्रेस नेता चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें जवाब देना चाहिए। नागालैंड की सांसद एस फांगनोन कोन्याक ने कहा कांग्रेस पार्टी की चुप्पी पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस नेतृत्व को बताना चाहिए पीड़ित 11 छात्राओं को अब तक न्याय क्यों नहीं मिला है।

'कांग्रेस आरोपित को निष्कासित करे'

ओडिसा की सांसद संगीता सिंह देव ने कहा कि बहुत साल पहले हमने ऐसी घटना के बारे में सुना था, जिसमें यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने एक महिला का अपहरण कर उसे होटल के बाथरूम में जला दिया था। आज एक बार फिर ऐसी परिस्थिति सामने आई है, जहां लोकसभा के एक सांसद के खिलाफ संबंधित समिति में शिकायत दर्ज कराई गई है।

उन्होंने कहा कि शिकायत में 11 छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस नेतृत्व को आरोपित को तुरंत पार्टी से निष्कासित करे। प्रदर्शन में कई महिला सांसद, अलग-अलग राज्यों की महिला नेता शामिल हुईं।