दीपावली के बाद मुजफ्फरपुर की हवा हुई जहरीली, एक्यूआई 500 के पार पहुंचा
मुजफ्फरपुर में दीपावली के बाद रविवार रात वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया, जहां एक्यूआई 500 के पार दर्ज ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दीपावली के बाद मुजफ्फरपुर में वायु प्रदूषण बढ़ा।
रविवार रात एक्यूआई 500 के गंभीर स्तर पर पहुंचा।
पटाखों और धुएं से शहर की हवा जहरीली हुई।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर । दीपावली के बाद मुजफ्फरपुर की हवा में जहर इस कदर घुल गया कि रविवार की रात पूरा शहर प्रदूषण से परेशान रहा।
दिन में हवा खराब थी, लेकिन रात नौ बजे के बाद जैसे-जैसे रात गहराती गई, प्रदूषण का ग्राफ सीधे ऊपर चढ़ता गया। आधी रात तक एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 500 के करीब पहुंच गया। शाम तक हवा संभली हुई थी।
रात नौ बजे के बाद तापमान गिरा, हवा थम गई और धुआं जमीन के पास ही जमने लगा। पटाखों का धुआं, वाहनों का धुआं और ठंड की वजह से बनी धुंध सब एक साथ मिल गए। इसका असर पूरे शहर के अलग-अलग हिस्से में दिखा।
शहर के तीनों माप केंद्रों बुद्धा कालोनी, समाहरणालय और एमआइटी-दाउदपुर कोठी पर एक ही समय पर प्रदूषण बढ़ा। इससे लगा कि यह किसी एक मोहल्ले की समस्या नहीं थी, बल्कि पूरे शहर की हवा जहरीली हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा उछाल समाहरणालय में रात नौ बजे ही दिखा, जहां सूक्ष्म कण पीएम 2.5 एक झटके में 470 पर पहुंच गया। यानी शाम आठ बजे तक जो हवा खराब श्रेणी में थी, वह एक घंटे में ही खतरनाक श्रेणी में पहुंच गई।
रात 10 बजे यह 480 और रात 11 बजे 485 तक पहुंच गया। आधी रात को थोड़ा घटकर 470 हुआ, लेकिन यह भी सांस लेने लायक नहीं था। बुद्धा कालोनी में प्रदूषण धीरे-धीरे बढ़ा, लेकिन आधी रात तक सबसे ज्यादा 490 तक पहुंच गया।
रात नौ बजे यहां पीएम 2.5 करीब 330 था, रात 10 बजे 430 हो गया, रात 11 बजे 470 और रात 12 बजे 490 हो गया। इसके बाद भी राहत नहीं मिली।
सुबह 4 बजे तक भी पीएम 10 का स्तर 500 पर टिका रहा और पीएम 2.5 करीब 360 पर रहा। यानी बुद्धा कालोनी में प्रदूषण सबसे देर तक टिका रहा, इसलिए यहां रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
एमआइटी-दाउदपुर कोठी में प्रदूषण अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन वहां भी स्थिति गंभीर ही थी। रात नौ बजे यहां पीएम 2.5 करीब 380 था, रात 10 बजे 420, रात 11 बजे 440 और रात 12 बजे 440 पर ही रहा।
यहां का स्तर बुद्धा कालोनी और समाहरणालय से 30 से 50 अंक कम था, लेकिन यह भी स्वस्थ हवा से 7 गुना ज्यादा था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का पैमाना 500 पर रुक जाता है, इसलिए बोर्ड के पोर्टल पर अधिकतम 500 ही दिखा।
प्रसारित होने लगा 1000 से ज्यादा के पैमाने
जानकारी के अनुसार बोर्ड के पोर्टल पर अधिकतम 500 ही दिखा। निजी एप उसी पीएम 2.5 के कच्चे मान को 1000 से ज्यादा के पैमाने पर दिखाते हैं, इसलिए उस रात स्क्रीनशाट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा।
निजी एप पर मुजफ्फरपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 1091 दिखा था। दोनों आंकड़े गलत नहीं हैं, पैमाना अलग है। हकीकत यही है कि उस रात मुजफ्फरपुर की हवा सांस लेने लायक नहीं थी।
भारत में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार एक्यूआइ को छह श्रेणियों में बांटा गया है। उनके अनुसार
एक्यूआई स्तर वायु गुणवत्ता प्रभाव
- 0–50 अच्छी स्वास्थ्य पर बहुत कम प्रभाव
- 51–100 संतोषजनक संवेदनशील लोगों को मामूली परेशानी
- 101–200 मध्यम फेफड़े, अस्थमा और हृदय रोगियों को सांस लेने में परेशानी
- 201–300 खराब लंबे समय तक संपर्क में रहने पर सांस लेने में परेशानी
- 301–400 बहुत खराब लंबे समय तक संपर्क से श्वसन संबंधी बीमारी
- 401–500 गंभीर स्वस्थ लोगों पर भी असर, बीमार लोगों पर गंभीर प्रभाव
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के कच्ची पक्की में 6 हादसों के बाद ब्लैक स्पाट घोषित, अभी तक ब्रेकर नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।