विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले बिहार में शराब खपाने की थी तैयारी, पंजाब से पहुंची 1200 कार्टन की खेप मुजफ्फरपुर में जब्त

Published: Wed, 04 Nov 2026 12:22 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने बेला फेज-टू से एक ट्रक से 1200 कार्टन शराब जब्त की है। कागज और कार्टन ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में 1200 कार्टन शराब से भरा ट्रक जब्त।

  2. शराब कागज-कार्टन के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी।

  3. पंजाब से आए चालक मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : शराब तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए नया तरीका अपनाया। ट्रक में ऊपर से कागज और कार्टन के टुकड़े भर दिए गए, जबकि नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे।

तस्करों को लगा कि इस तरकीब से उनकी खेप आसानी से ठिकाने तक पहुंच जाएगी, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

बेला फेज-टू के नारायणपुर रोड से मंगलवार को करीब 1200 कार्टन शराब लदा ट्रक जब्त किया गया। मौके से पंजाब के चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

कागज और कार्टन के नीचे छिपाई शराब

उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि 14 चक्का वाले पंजाब नंबर के ट्रक से शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। इसके बाद एएसआइ नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बेला फेज-टू के नारायणपुर रोड में छापेमारी की तो सड़क किनारे संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला। चालक भी मौके पर मौजूद था।

पूछताछ में खुला तस्करी का राज

शुरुआत में चालक ने ट्रक में ट्रांसपोर्ट का सामान होने की बात कही। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने शराब लदे होने की जानकारी दी। इसके बाद ट्रक का पिछला हिस्सा खुलवाया गया। अंदर बोरियों में कागज और कार्टन के टुकड़े भरे हुए थे। इन्हें हटाने पर नीचे छिपाकर रखे गए शराब के कार्टन मिले।

पंजाब से लाई गई थी तीन ब्रांड की शराब

गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ जिले के खमानोल निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि ट्रक से पंजाब निर्मित तीन अलग-अलग ब्रांड की शराब जब्त की गई है। इस वर्ष उत्पाद विभाग की टीम की यह अब तक की सबसे बड़ी शराब बरामदगी बताई गई है।

खेप पहुंचाने के मिलते थे 10 हजार रुपये

पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे बेला में ट्रक रोकने के लिए कहा गया था। यहां मुख्य धंधेबाज पहुंचकर ट्रक को अपने कब्जे में लेने वाला था। एक खेप पहुंचाने के बदले उसे 10 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। रुपये के लालच में उसने शराब की आपूर्ति करने की बात स्वीकार की।

मुख्य धंधेबाज की तलाश

उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि चालक के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, शराब की खेप मंगाने वाले मुख्य धंधेबाज की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में टाइल्स गोदाम से 459 कार्टन विदेशी शराब बरामद, पिकअप वैन जब्त

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर ब्लास्ट के बाद संवेदनशीलता भूले सिटी एसपी, सवालों पर चौंकाने वाला जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।