मुजफ्फरपुर में 10वीं के छात्र ने दिनदहाड़े किया था 7वीं की छात्रा के अपहरण का प्रयास
मुजफ्फरपुर के अहियापुर में सातवीं की छात्रा के अपहरण के प्रयास मामले में दसवीं के एक छात्र को पर्यवेक्षण गृह भेजा गया है। बोलेरो सवार अन्य अज्ञात बदमाशों की तलाश जारी है, छात्रा को ग्रामीणों की मदद से बचाया गया था।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सातवीं की छात्रा के अपहरण का प्रयास।
दसवीं का छात्र मुख्य आरोपित, पर्यवेक्षण गृह भेजा।
बोलेरो सवार अन्य बदमाशों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । अहियापुर थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा की छात्रा के अपहरण के प्रयास मामले में सनसनीखेज जानकारी सामने आई है। छात्रा को दिनदहाड़े बोलेरो से अगवा करने का मुख्य आरोपित दसवीं का छात्र निकला।
पुलिस ने नाबालिग छात्र को किशोर न्याय परिषद के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद पर्यवेक्षण गृह भेज दिया है। विधि विरुद्ध दसवीं कक्षा का छात्र वैशाली जिले का निवासी बताया जा रहा है। पीड़ित छात्रा और आरोपित छात्र दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं।
थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद 13 वर्षीय छात्रा पैदल ही घर लौट रही थी। इसी दौरान बखरी और सिपाहपुर चौक के समीप एक बोलेरो सवार युवकों ने छात्रा का रास्ता रोक लिया।
उसे जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास करने लगे। छात्रा द्वारा साहस दिखाते हुए विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग आरोपित को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी बोलेरो लेकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने बताया कि पर्यवेक्षण गृह भेजा गया किशोर बोचहां थाना इलाके में अपने नानी के घर रहकर पढ़ाई करता है।
मामले में पीड़ित छात्रा की मां के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने पकड़े गए नाबालिग को नामजद करते हुए चार से पांच अज्ञात बोलेरो सवार बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नगर एसडीपीओ टू दीपक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।