विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के MIT में फिर गहराया जातीय तनाव, अनुशासन समिति की जांच में खुलासा; दोषियों को निकालने की तैयारी

Published: Sat, 31 Oct 2026 05:55 AM (IST)

Mit Muzaffarpur Caste Tension:मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) में छात्रों के बीच जातीय तनाव और मारपीट की घटनाएं बढ़ी हैं। ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी!

मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी!

HighLights

  1. MIT मुजफ्फरपुर में छात्रों के बीच जातीय तनाव फिर गहराया।

  2. कॉलेज प्रशासन ने मारपीट की घटनाओं पर सख्त जांच शुरू की।

  3. दोषी छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने की तैयारी में प्रशासन।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Mit Muzaffarpur: बिहार के प्रतिष्ठित मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) में एक बार फिर छात्रों के बीच जातीय तनाव बढ़ने लगा है। कॉलेज परिसर में छात्र धीरे-धीरे जातिगत समूहों (फाइलम) में बंटते नजर आ रहे हैं।

पिछले दिनों कैंपस में छात्रों के विभिन्न गुटों के बीच हुई मारपीट की घटनाओं के पीछे मुख्य रूप से जातिवाद ही सामने आया है। कॉलेज प्रशासन को इसकी औपचारिक शिकायत मिल चुकी है और प्रारंभिक जांच में भी इस बात की पुष्टि हो चुकी है।

इसे गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन अब दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है, जिसके तहत उन्हें सीधे कॉलेज से निष्कासित किया जा सकता है।

अनुशासन समिति की बैठकों में सुनवाई

एमआईटी में पिछले दिनों हुए मारपीट के दो अलग-अलग मामलों को लेकर शुक्रवार को अनुशासन समिति की अहम बैठक हुई। पहली सुनवाई हॉस्टल नंबर-2 में छात्रों के बीच हुई मारपीट से संबंधित थी।

इसमें कॉलेज प्रशासन की ओर से कुल 12 छात्रों को नोटिस देकर तलब किया गया था। सुनवाई के दौरान 10 छात्रों ने मिलकर दो ऐसे छात्रों की पहचान की, जिनकी मुख्य भूमिका अन्य छात्रों को उकसाने और मारपीट करने में थी।

इस मामले को लेकर एक छात्र ने थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है, जबकि आरोपी छात्रों ने भी पीड़ित के व्यवहार को लेकर कॉलेज प्रशासन से शिकायत की थी।

समिति अगली बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लेगी, वहीं पुलिस स्तर पर भी मामले की जांच जारी है।

अभिभावकों को उठानी पड़ी शर्मिंदगी

दूसरी सुनवाई बी-फार्मा और बी-टेक के छात्रों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट के मामले में हुई, जिसमें छात्रों को उनके अभिभावकों के साथ बुलाया गया था।

सुनवाई के दौरान जब पूरी बात सामने आई तो अभिभावकों को काफी शर्मिंदगी महसूस हुई। उन्होंने अपने बच्चों के स्वभाव में पिछले दो-तीन महीनों में आए हिंसक बदलाव पर गहरा आश्चर्य जताया और इसका कारण गलत संगति को बताया।

जांच में यह बात सामने आई कि बी-फार्मा के छात्र को एक बी-टेक का दोस्त अपने हॉस्टल के कमरे में ले गया था, जहां पहले से ही कई छात्र मौजूद थे और इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई।

अर्द्धनग्न घूमने और रैगिंग की शिकायत

कॉलेज परिसर में अनुशासनहीनता की हदें तब पार हो गईं जब एक छात्र की बेहद अजीबोगरीब और संदिग्ध हरकतें सामने आईं। कई छात्रों ने शिकायत की है कि एक छात्र हॉस्टल में अर्द्धनग्न अवस्था में घूमता है और जूनियर छात्रों को ढूंढकर सीनियर के पास ले जाता है।

रैगिंग की घटनाओं में भी उसकी भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसके अलावा, एक अन्य छात्र का नाम कॉलेज में मारपीट के पांच अलग-अलग मामलों में आ चुका है, जिसके कारण उसके खिलाफ पहले भी पांच बार अनुशासन समिति बैठ चुकी है। इन सभी मामलों को देखते हुए कॉलेज प्रशासन की ओर से कड़े कदम उठाया जाना तय माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर एमआइटी हॉस्टल में छात्रों की भिड़ंत, नशे में हंगामा करने पर मारपीट, FIR दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।