MIT मुजफ्फरपुर के छात्रों को मिल रही बंपर नौकरी, तीन गुना बढ़ा कैंपस प्लेसमेंट, TCS Infosys में चयन
Bihar Engineering College Placement: एमआईटी मुजफ्फरपुर में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कैंपस प्लेसमेंट में लगभग तीन गुना ...और पढ़ें

एमआईटी में अधिकतम पैकेज 18 लाख रुपये प्रति वर्ष तक पहुंच गया है।
HighLights
एमआईटी मुजफ्फरपुर में प्लेसमेंट में तीन गुना वृद्धि।
231 छात्रों का चयन, अधिकतम पैकेज 18 लाख रुपये।
टीसीएस, इंफोसिस सहित कई बड़ी कंपनियों में प्लेसमेंट।
प्रशांत कुमार, मुजफ्फरपुर। MIT Muzaffarpur Campus Placement: मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी (मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्लेसमेंट के आंकड़ों में करीब तीन गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सत्र 2022-26 के लिए संस्थान में नामांकित विभिन्न शाखाओं के कुल 231 छात्र-छात्राओं का चयन नामचीन कंपनियों में हुआ है। इसमें अधिकतम पैकेज 18 लाख रुपये प्रति वर्ष तक पहुंच गया है।
आईटी और कंप्यूटर साइंस आगे
इस बार के प्लेसमेंट ड्राइव में आईटी (IT) और कंप्यूटर साइंस (CS) ब्रांच के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। हालांकि औसत (एवरेज) पैकेज चार लाख रुपये रहा और न्यूनतम पैकेज दो लाख 70 हजार रुपये दर्ज किया गया।
पिछले सत्र 2021-25 में केवल 80 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, हालांकि तब एवरेज पैकेज छह लाख 20 हजार रुपये था। सत्र 2020-24 की बात करें तो कुल 176 विद्यार्थियों का प्लेसमेंट हुआ था।
माॉक इंटरव्यू और ट्रेनिंग का असर
विज्ञान, प्रावैधिकी और तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशों के आधार पर महाविद्यालय द्वारा प्लेसमेंट बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विद्यार्थियों को कैंपस सिलेक्शन से पहले सॉफ्ट स्किल्स, स्पोकन इंग्लिश और मॉक इंटरव्यू जैसी विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। एमआईटी के प्राचार्य प्रो. एमके झा ने बताया कि संस्थान में बेहतर कंपनियों को आमंत्रित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को रोजगार देने का लक्ष्य है।
नामी कंपनियों में चयन
संस्थान के छात्र-छात्राओं का चयन टीसीएस, इंफोसिस, गेल इंडिया लिमिटेड, पावरग्रिड, एक्सेंचर और अशोक लेलैंड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। इसके अलावा ओएनजीसी, भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, एलएंडटी, भेल, सेंट्रल रेलवे, रिलायंस और गूगल में भी विद्यार्थी चयनित हुए हैं।
एलुमनी से लेकर विशेषज्ञ तक देते टिप्स
संस्थान में छात्र-छात्राओं के प्लेसमेंट के लिए मेंटर शिक्षकों के साथ-साथ एलुमनी और विशेषज्ञ टिप्स देते हैं। इसके लिए कालेज की ओर से समय - समय पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी लिया जाता है।
पूर्ववर्ती छात्र कई बार गेट की परीक्षा से लेकर इंटरव्यू और प्लेसमेंट के लिए जरूरी स्किल के लिए संस्थान के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें- एमआइटी की तीन शाखाओं के एनबीए मूल्यांकन को लेकर मॉक विजिट, विशेषज्ञों ने दिए अहम सुझाव
यह भी पढ़ें- Muzaffarpur News: एमआइटी समेत 10 इंजीनियरिंग कालेजों में खुलेगा मैथेमैटिक्स एंड कंप्यूटिंग ब्रांच
