एमआइटी एलुमनी मीट में बरसों बाद मिले सहपाठी, बेफिक्र ठहाकों के बीच ताजा हुईं पुरानी यादें
MIT Muzaffarpur Alumni Meet 2026: एमआईटी मुजफ्फरपुर में वर्षों बाद पूर्ववर्ती छात्रों का मिलन हुआ, जहां 1966, 1976 और 2001 बैच के छात्रों ने पुरानी यादें ताजा कीं। इस 'कनेक्शन 2026' एलुमनी मीट में कॉलेज के किस्से, सम्मान समारोह और विकास यात्रा पर चर्चा हुई।

एमआइटी में आयोजित एलुमनी मीट में 1966, 1976 और 2001 बैच के पूर्ववर्ती छात्र पहुंचे थे।
HighLights
एमआईटी मुजफ्फरपुर में पूर्ववर्ती छात्रों का वर्षों बाद मिलन।
कॉलेज के किस्से और पुरानी यादें हुईं ताजा।
'कनेक्शन 2026' में सम्मान और विकास पर चर्चा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। MIT Muzaffarpur Alumni Meet 2026: एमआइटी में वर्षों बाद पूर्ववर्ती छात्र जुटे तो कॉलेज कैंपस की यादें ताजा हो गईं।
बरसों बाद मिल रहे कई सहपाठी एक दूसरे के बदले हुलिए और सफेद बालों को देखकर पहले तो कुछ पल ठिठके, लेकिन पुरानी आवाजें और निकनेम सुनते ही चेहरों पर मुस्कान खिल गई। पहचान होते ही लोग गले मिले और कैंपस में दशकों पुराने बेफिक्र ठहाके गूंजने लगे।
कॉलेज के किस्से और उत्सव
एमआइटी में आयोजित एलुमनी मीट में 1966, 1976 और 2001 बैच के पूर्ववर्ती छात्र पहुंचे थे। दोस्तों की टोली के साथ शहर के सिनेमाघरों में फर्स्ट शो देखने, परीक्षा से एक रात पहले ग्रुप स्टडी और कैंटीन की उधारी के किस्सों पर खूब ठहाके लगे। एमआइटी एलुमनी एसोसिएशन मीटा की ओर से कनेक्शन 2026 के तहत डायमंड, गोल्डन और सिल्वर जुबली उत्सव मनाया गया।
सम्मान व योगदान की चर्चा
समारोह में सिविल ब्रांच के 1961 बैच के पूर्ववर्ती छात्र रामाशीष पांडेय और अरिमर्दन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्राचार्य प्रो. एमके झा ने कॉलेज की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए पूर्ववर्ती छात्रों के योगदान की सराहना की। कार्यकारी निदेशक जेके दास को एलुमनस ऑफ द ईयर 2026 से सम्मानित किया गया और मीटा की ओर से 18 पुरस्कार बांटे गए।
पूर्ववर्ती छात्रों के अनुभव
- 1965 इलेक्ट्रिकल बैच के नवल किशोर सिंह ने कहा कि 40 वर्षों बाद कैंपस आकर बदलाव दिखा, जहां पहले अनुशासन अधिक दिखता था और शिक्षक को देखते ही रास्ता बदल लेते थे।
- 1965 सिविल बैच के जय किशोर दत्ता ने कहा कि कॉलेज लौटकर ऐसा लगा मानो कल ही उत्तीर्ण हुए हों और तीन ब्रांच से बढ़कर अब दस ब्रांच हो गई हैं।
- 1966 मैकेनिकल बैच के रत्नेश्वर प्रसाद ने बताया कि पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में सक्रिय रहने पर जोर दिया जाता था और जीवन में सबकुछ एमआइटी ने ही दिया।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर एमआइटी हॉस्टल में छात्रों की भिड़ंत, नशे में हंगामा करने पर मारपीट, FIR दर्ज