विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में तत्काल टिकट की जद्दोजहद, रात में पुरुष देते पहरा तो सुबह कतार संभालतीं महिलाएं

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:55 AM (IST)

Tatkal Ticket Crisis Bihar Trains: मुजफ्फरपुर जंक्शन पर तत्काल टिकट के लिए यात्रियों को भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ...और पढ़ें

टिकट के लिए मची इस आपाधापी में लोग रातभर जागकर अपनी बारी का इंतजार करने को विवश हैं।

टिकट के लिए मची इस आपाधापी में लोग रातभर जागकर अपनी बारी का इंतजार करने को विवश हैं।

HighLights

  1. तत्काल टिकट के लिए मुजफ्फरपुर में लंबी कतारें।

  2. रात में पुरुष, सुबह महिलाएं संभालती हैं मोर्चा।

  3. आरपीएफ की निगरानी में टोकन वितरण होता है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Railway Station Tatkal Ticket Queue: जिंदगी की दुश्वारियों और घर-परिवार की परेशानियों में जब भी परीक्षा की घड़ी आती है तो बिहार की नारियां हमेशा अपने पुरुष सदस्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी नजर आती हैं।

इन दिनों देश के विभिन्न महानगरों को जाने वाली नियमित ट्रेनों में टिकटों की भीषण मारामारी मची हुई है। ऐसे में 'तत्काल टिकट' की जुगत भिड़ाने के लिए मुजफ्फरपुर जंक्शन के आरक्षण काउंटर पर एक बेहद अनूठी और हैरान करने वाली तस्वीर देखने को मिल रही है, जो हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।

सुबह में महिलाएं संभालतीं मोर्चा

दैनिक उपयोग और परदेस लौटने की मजबूरी के बीच तत्काल टिकट पाने के लिए मुजफ्फरपुर जंक्शन के आरक्षण काउंटर पर रात से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो जाती हैं।

टिकट के लिए मची इस आपाधापी में लोग रातभर जागकर अपनी बारी का इंतजार करने को विवश हैं। इस संघर्ष में परिवार के लोग आपस में अनोखी जिम्मेदारी बांटते नजर आ रहे हैं।

रात के अंधेरे में जहां पुरुष कतार में खड़े होकर या सादे कागज पर अपना नंबर लगाकर अपनी जगह सुरक्षित करते हैं, वहीं सुबह होते ही उनकी जगह महिलाएं खुद कतार में पहुंचकर मोर्चा संभाल लेती हैं।

कतार में खड़ी एक महिला ने बताया कि रात में उनका बेटा सिद्धार्थ नंबर लगाने आया था, जिसे सुबह पढ़ाई के लिए जाना था, इसलिए वह खुद उसकी जगह टिकट काउंटर पर कतार में आ गईं।

आरपीएफ की मौजूदगी में मिलता टोकन

तत्काल कोटे में सीटों की संख्या बेहद सीमित होने और यात्रियों की भारी मांग के कारण टिकट हासिल करना किसी लोहे के चने चबाने से कम नहीं है।

घंटों इंतजार के बाद भी कन्फर्म टिकट मिलने की कोई गारंटी नहीं होती, जिसके कारण रात से ही लाइन में लगना इन परिवारों की मजबूरी बन चुका है।

हालांकि, व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आरपीएफ और आरक्षण इंचार्ज की मौजूदगी में सुबह यात्रियों को टोकन दिया जाता है, जिसके बाद लोग कतारबद्ध होकर टिकट कटाते हैं।

काउंटर पर जिन भाग्यशाली यात्रियों को टिकट मिल जाता है, उनके चेहरों पर संतोष की चमक साफ दिखती है, जबकि घंटों पसीना बहाने के बावजूद खाली हाथ लौटने वाले लोगों की मायूसियां इस व्यवस्था के कड़े संघर्ष को बयां कर जाती हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार से दिल्ली जाना है तो फिक्र छोड़िए! सहरसा से आनंद विहार समेत इन स्पेशल ट्रेनों में खाली हैं बर्थ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।