बिहार से दिल्ली जाना है तो फिक्र छोड़िए! सहरसा से आनंद विहार समेत इन स्पेशल ट्रेनों में खाली हैं बर्थ
Bihar to Delhi Special Trains Seat Availability: छठ महापर्व के बाद दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों को लौटने वाले ...और पढ़ें

ट्रेन संख्या 05521 सहरसा से आनंद विहार स्पेशल गुरुवार, 19 नवंबर को सहरसा से प्रस्थान करेगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Saharsa Anand Vihar Special Train 05521: छठ महापर्व के समापन के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों के लिए बिहार से दिल्ली, मुंबई और कोलकाता समेत देश के किसी भी महानगर की नियमित ट्रेनों में कन्फर्म बर्थ के बारे में सोचना फिलहाल 'असंभव को संभव' करने जैसा हो गया है।
सबसे बुरी स्थिति दिल्ली रूट की है, जहां लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) ने कामकाज पर लौटने वाले प्रवासियों की नींद उड़ा रखी है।
इसी विकट स्थिति के बीच रेलवे की ओर से सहरसा से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की सूचना और उत्तर बिहार की अन्य विशेष ट्रेनों में खाली पड़ी बर्थों की जानकारी यात्रियों के लिए किसी बड़ी संजीवनी से कम नहीं है।
सहरसा से आनंद विहार स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सहरसा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 05521 सहरसा से आनंद विहार स्पेशल गुरुवार, 19 नवंबर को सहरसा से प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 05522 आनंद विहार टर्मिनल से शनिवार, 21 नवंबर को सहरसा के लिए चलेगी।
सहरसा से रवाना होने वाली इस ट्रेन में बुधवार (18 नवंबर) की शाम छह बजे तक स्लीपर श्रेणी में बड़ी संख्या में बर्थ आरक्षण के लिए उपलब्ध थीं।
इस ट्रेन का ठहराव सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा, गोरखपुर, गोंडा, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद स्टेशनों पर दिया गया है, जिससे पूरे उत्तर बिहार के यात्रियों को दिल्ली जाने का सीधा विकल्प मिल गया है।
इन प्रमुख स्पेशल ट्रेनों में खाली हैं सीटें
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र की ओर से जारी ताजा सूची के अनुसार, 18 से 30 नवंबर के बीच चलने वाली कई विशेष ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक सैकड़ों बर्थ खाली हैं:
सीतामढ़ी से दिल्ली (ट्रेन संख्या 04009): 28 नवंबर को स्लीपर में 23, तृतीय इकोनमी एसी में 232, तृतीय एसी में 60, द्वितीय एसी में 69 और प्रथम एसी में 14 बर्थ उपलब्ध हैं।
सीतामढ़ी से सियालदह (ट्रेन संख्या 03144): 26 नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 433 और तृतीय एसी में 173 बर्थ खाली हैं। इसी रूट की ट्रेन संख्या 03134 में 28 नवंबर को स्लीपर में 270 और तृतीय एसी में 134 बर्थ उपलब्ध हैं।
दरभंगा से शालीमार (ट्रेन संख्या 08110): 25 नवंबर को स्लीपर श्रेणी में 619, तृतीय एसी में 134 और द्वितीय एसी में 102 बर्थ आरक्षण के लिए खाली हैं।
झंझारपुर से राउरकेला (ट्रेन संख्या 08106): 20 नवंबर को स्लीपर में 482 और तृतीय एसी में 42 बर्थ उपलब्ध हैं, जबकि 27 नवंबर को स्लीपर की 485 और तृतीय एसी की 85 बर्थ खाली हैं।
पहले जरूर जांचें ताजा स्थिति
नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की मारामारी के बीच ये स्पेशल ट्रेनें यात्रियों के लिए सबसे बेहतरीन और सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था साबित हो रही हैं। हालांकि, बुकिंग के साथ ही सीटों की उपलब्धता अलग-अलग तारीख और श्रेणी के अनुसार लगातार बदल रही है।
ऐसे में रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे टिकट बुक कराने से पहले आधिकारिक रेलवे आरक्षण प्रणाली, एनटीईएस (NTES) या 'रेलवन' (RailOne) ऐप पर जाकर ट्रेनों की समय-सारणी और आरक्षण की ताजा स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।