वैशाली और सप्तक्रांति समेत कई ट्रेनों के समय में बदलाव: दिल्ली यात्रा में लगेगा अधिक समय
Indian Railways New Time: भारतीय रेलवे ने मुजफ्फरपुर और आसपास के रूट से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की समय-सारिणी ...और पढ़ें

समय-सारिणी में हुए इस संशोधन के कारण यात्रियों को अब गंतव्य तक पहुंचने में थोड़ा अधिक समय खर्च करना होगा।
HighLights
सप्तक्रांति और वैशाली एक्सप्रेस के समय में बदलाव।
दिल्ली पहुंचने में अब यात्रियों को लगेगा अधिक समय।
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस यात्रियों को मिलेगी राहत।
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Delhi Train Timing: भारतीय रेलवे ने मुजफ्फरपुर और आसपास के रूट से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की समय-सारिणी में संशोधन किया है।
इसके तहत मुजफ्फरपुर जंक्शन से आनंद विहार के बीच चलने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12557/12558) और ललितग्राम से नई दिल्ली के बीच संचालित होने वाली वैशाली एक्सप्रेस (15565/15566) के समय में बदलाव किया गया है।
इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के शेड्यूल में भी आंशिक फेरबदल हुआ है, जिससे यात्रियों की यात्रा अवधि पर सीधा असर पड़ेगा।
यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
समय-सारिणी में हुए इस संशोधन के कारण यात्रियों को अब गंतव्य तक पहुंचने में थोड़ा अधिक समय खर्च करना होगा। मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के बीच रोजाना दौड़ने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के यात्रियों को अब आनंद विहार पहुंचने में पांच मिनट अधिक लगेंगे।
वहीं, ललितग्राम से चलकर राघोपुर, सुपौल, सहरसा, मानसी, बेगूसराय, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, गोरखपुर, लखनऊ और कानपुर सेंट्रल होते हुए नई दिल्ली जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस के यात्रियों को अब नई दिल्ली पहुंचने में 15 मिनट अधिक का समय लगेगा।
संशोधित समय और नया शेड्यूल
रेलवे के नए आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरपुर से आगामी 30 अक्टूबर से चलने वाली 12557 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस संशोधित समय पर आनंद विहार टर्मिनल स्टेशन सुबह 7:45 बजे पहुंचेगी, जबकि वर्तमान में यह ट्रेन सुबह 7:40 बजे पहुंचती है।
इसी प्रकार, ललितग्राम से 28 अक्टूबर से प्रस्थान करने वाली 15565 वैशाली एक्सप्रेस गाजियाबाद से सुबह 6:00 बजे छूटकर नई दिल्ली सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी; जबकि अभी यह ट्रेन गाजियाबाद से सुबह 5:45 बजे रवाना होकर 6:30 बजे पहुंचती है।
स्वतंत्रता सेनानी के यात्रियों को राहत
इन दोनों ट्रेनों के विपरीत, जयनगर और नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12562) के यात्रियों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
नई दिल्ली से 23 दिसंबर से चलने वाली यह ट्रेन संशोधित समयानुसार प्रयागराज जंक्शन से सुबह 5:35 बजे और ज्ञानपुर रोड से 7:00 बजे छूटेगी, जबकि फिलहाल यह प्रयागराज से 5:25 और ज्ञानपुर रोड से 6:40 बजे रवाना होती है।
इससे यात्रियों को प्रयागराज जाने में दस मिनट की बचत होगी। रेलवे के इन बदलावों को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नया शेड्यूल जरूर जांच लें।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले बिहार को मिलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, बरौनी से भुज तक चलेगी नई ट्रेन
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर को जल्द मिलेगी लंबी दूरी की ट्रेनों की सौगात, 2.5 करोड़ से बन रहा नया वाशिंग पिट
