कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान होगा आसान, मुजफ्फरपुर से सोनपुर के बीच चलेंगी चार जोड़ी ट्रेनें
Kartik Purnima Special Trains: पूर्व मध्य रेल ने कार्तिक पूर्णिमा मेला के लिए मुजफ्फरपुर और सोनपुर के बीच विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 24 और 25 नवंबर के लिए की गई है।

मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को रात में भी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा मेला के लिए पूर्व मध्य रेल ने विशेष ट्रेनें चलाईं।
मुजफ्फरपुर-सोनपुर के बीच चार जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
कई नियमित ट्रेनों को छोटे स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव मिलेगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Sonpur Mela Train: कार्तिक पूर्णिमा मेला में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
सोनपुर में लगने वाले मेले को लेकर 24 और 25 नवंबर को चार जोड़ी पैसेंजर मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जिसमें सोनपुर मुजफ्फरपुर सोनपुर के बीच भी विशेष ट्रेन शामिल है।
इसके अलावा 23, 24 और 25 नवंबर को मुजफ्फरपुर सोनपुर रेलखंड पर चलने वाली कई नियमित ट्रेनों को छोटे स्टेशनों पर एक एक मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।
रात में मिलेंगी ट्रेनें
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि सोनपुर आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को रात में भी आवागमन की सुविधा मिलेगी। गाड़ी संख्या 05202 सोनपुर मुजफ्फरपुर कार्तिक पूर्णिमा मेला स्पेशल 24 और 25 नवंबर को सोनपुर से आधी रात एक बजे खुलेगी।
मुजफ्फरपुर रूट के ठहराव
यह ट्रेन हाजीपुर, घोसवर, सराय, बिठौली, भगवानपुर, बेनीपट्टी, गोरौल, कुढ़नी, तुर्की और रामदयालुनगर में रुकते हुए रात 2:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05201 मुजफ्फरपुर सोनपुर मेला स्पेशल रात तीन बजे मुजफ्फरपुर से खुलेगी और इन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 4:40 बजे सोनपुर पहुंचेगी।
वहीं, 05203 और 05204 सोनपुर छपरा सोनपुर मेला स्पेशल दोनों दिन सोनपुर से रात 12:15 बजे खुलकर सुबह 2:30 बजे छपरा पहुंचेगी तथा वापसी में छपरा से सुबह 3:45 बजे खुलकर 6:38 बजे सोनपुर पहुंचेगी।
पाटलिपुत्र के लिए दो जोड़ी
सोनपुर पाटलिपुत्र के बीच दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिसमें गाड़ी संख्या 05205 सोनपुर से रात 12:10 बजे खुलकर 12:50 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी और 05206 पाटलिपुत्र से रात 1:05 बजे खुलेगी।
दूसरी जोड़ी में गाड़ी संख्या 05207 सोनपुर से रात 2:05 बजे और 05208 पाटलिपुत्र से रात 3:05 बजे खुलेगी। मेला अवधि में मुजफ्फरपुर सोनपुर रेलखंड पर 23 और 24 नवंबर को जोगबनी दानापुर, जयनगर आरा, बरौनी ग्वालियर, बरौनी लखनऊ, सीतामढ़ी आनंद विहार, दरभंगा पाटलिपुत्र, मोतिहारी पाटलिपुत्र, मौर्य एक्सप्रेस और जयनगर पटना एक्सप्रेस का एक एक मिनट का अस्थायी ठहराव निर्धारित किया गया है।
नियमित ट्रेनों का ठहराव
सोनपुर से मुजफ्फरपुर की ओर आने वाली दानापुर जोगबनी, आरा जयनगर, ग्वालियर बरौनी, नई दिल्ली बरौनी क्लोन, गोरखपुर संबलपुर मौर्य, अमृतसर कटिहार और आनंद विहार सीतामढ़ी लिच्छवी सहित अन्य ट्रेनों को भी 24 और 25 नवंबर को विभिन्न स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।
छपरा सोनपुर और सोनपुर बछवारा रेलखंड पर भी कई एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था होने से छोटे स्टेशनों के आसपास रहने वाले श्रद्धालुओं को मेला आने जाने में सुविधा होगी। यात्रा से पहले यात्री संबंधित ट्रेन का समय और ठहराव रेलवे की आधिकारिक सूचना से अवश्य जांच लें।