अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा: कोचों की खराबी 48 और 72 घंटे में करनी होगी दूर, भारत-नेपाल के बीच तय हुई शर्त
भारत और नेपाल के बीच प्रस्तावित रेल सेवा के परिचालन और रखरखाव के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिसमें कोचों की खराबी को 48-72 घंटे में ठीक करने की शर्त शामिल है। यह रेल सेवा 28 नवंबर से अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच नियमित रूप से शुरू होगी, जिससे दोनों देशों के संबंध मजबूत होंगे।

अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा (फाइल फोटो)
HighLights
कोचों की खराबी 48-72 घंटे में ठीक करना अनिवार्य होगा।
28 नवंबर से अयोध्या-जनकपुर सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन।
भारत-नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी मजबूती।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। भारत और नेपाल के बीच प्रस्तावित रेल सेवा के परिचालन और रखरखाव को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ट्रेन के किसी कोच में मामूली खराबी आने पर उसे 48 घंटे और बड़ी खराबी होने पर 72 घंटे के भीतर ठीक करना होगा।
निर्धारित समय में मरम्मत संभव नहीं होने पर संबंधित कोच को खराब स्थिति में उसके स्वामित्व वाले रेलवे को वापस करना होगा। दोनों देशों ने रेल इंजन और कोच के उपयोग, रखरखाव तथा मरम्मत में समान भागीदारी के सिद्धांत पर काम करने का निर्णय लिया है।
इस रेल सेवा को लेकर 17 नवंबर को भारत और नेपाल के बीच मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर हस्ताक्षर किए गए थे। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य
समझौते के शुरुआती चरण में इस ट्रेन से केवल भारत और नेपाल के नागरिक ही यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों की व्यवस्था होगी। सीमा पार यात्रा के लिए वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। दोनों देशों के रेलवे प्रशासन की सहमति से यात्री निर्धारित स्टेशनों से टिकट बुक करा सकेंगे।
गंतव्य तक सीधी बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यात्रियों की अधिक भीड़ होने पर मूल ट्रेन में एक अतिरिक्त कोच लगाने की अनुमति होगी। इससे अधिक कोच लगाने के लिए संबंधित रेलवे की पूर्व स्वीकृति लेनी होगी।
28 नवंबर से नियमित परिचालन
बता दें कि अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम (नेपाल) के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को मजबूती मिलने के साथ यात्रियों के आवागमन को नई सुविधा मिलेगी।
ट्रेन परिचालन को लेकर दोनों देश की अलग व्यवस्था
ट्रेन का परिचालन नेपाल के क्षेत्र में नेपाल रेलवे कंपनी लिमिटेड (एनआरसीएल) और भारतीय क्षेत्र में भारतीय रेलवे करेगा। शुरुआत में ट्रेन के परिचालन के लिए आवश्यक कोच और अन्य रेल संसाधन भारतीय रेलवे उपलब्ध कराएगा।
ट्रेन के प्राथमिक रखरखाव, पानी भरने, चार्जिंग और छोटी-मोटी मरम्मत की व्यवस्था प्रारंभिक स्टेशन पर होगी। निर्धारित टर्मिनलों पर दोनों रेलवे एक-दूसरे के कोचों के निरीक्षण और रखरखाव में सहयोग करेंगे।
शुरुआती चरण में नेपाल के क्षेत्र में भारतीय रेलवे के चालक दल, ट्रेन मैनेजर और अन्य आन-बोर्ड कर्मचारी सेवाएं देंगे। कर्मचारियों की तैनाती, संचार सुविधाओं और विश्राम की व्यवस्था भी दोनों देश आपसी सहमति से करेंगे। किराया निर्धारण के लिए शुरुआती दौर में भारतीय रेलवे की किराया तालिका को आधार बनाया जाएगा।
रख रखाव के लिए निर्धारित किए गए मासिक रुपये
समझौते के तहत ट्रैक एक्सेस एवं यूजेज चार्ज (टीएयूसी) भी निर्धारित किया गया है। जनकपुर-जयनगर रेलखंड के 28 किलोमीटर हिस्से के उपयोग के लिए भारतीय रेलवे की हिस्सेदारी 26.6 प्रतिशत और नेपाल रेलवे की हिस्सेदारी 73.4 प्रतिशत तय की गई है।
इसके आधार पर भारतीय रेलवे को 26,99,059 रुपये और नेपाल रेलवे को 74,47,779 रुपये मासिक परिचालन एवं रखरखाव लागत के रूप में निर्धारित किए गए हैं। इस व्यवस्था की तीन महीने के भीतर समीक्षा भी की जाएगी।
एसओपी में सुरक्षा और दुर्घटना राहत की भी व्यवस्था
दोनों देशों के बीच हस्ताक्षरित एसओपी में सीमा शुल्क जांच, यात्रियों के सामान की ढुलाई, भुगतान और खातों के मिलान की व्यवस्था भी शामिल है। सीमा शुल्क की जांच निर्धारित स्टेशनों पर होगी। ट्रेन, यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित देश की सरकारों की होगी।
दुर्घटना की स्थिति में दोनों देश राहत एवं बचाव कार्यों में एक-दूसरे को सहयोग करेंगे। दुर्घटनाओं की जांच संबंधित देश के रेलवे नियमों के अनुसार होगी। एसओपी पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद स्वतः अगले पांच वर्षों के लिए नवीनीकृत हो जाएगी।
किसी भी पक्ष को समझौते में बदलाव करने या इसे समाप्त करने के लिए तीन महीने पहले सूचना देनी होगी। दोनों देशों के रेलवे प्रतिनिधि समय-समय पर इसकी समीक्षा भी करेंगे।
यह भी पढ़ें- राम की नगरी अयोध्या से सीता जी के मायके पहुंची पहली ट्रेन, जनकपुर में बारात जैसा हुआ स्वागत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।