राम की नगरी अयोध्या से सीता जी के मायके पहुंची पहली ट्रेन, जनकपुर में बारात जैसा हुआ स्वागत
Ayodhya Janakpur train : अयोध्या से जनकपुर के लिए सरयू कमला एक्सप्रेस (स्पेशल) ट्रेन सेवा शुरू हो गई है, जिससे भारत और नेपाल के बीच त्रेतायुगीन संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं।

जनकपुरधाम स्टेशन से अयोध्या के लिये लौटने के दौरान अभिवादन करते नेपाली नागरिक। जागरण
HighLights
अयोध्या से जनकपुर तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू।
भारत-नेपाल के त्रेतायुगीन संबंधों को मिली प्रगाढ़ता।
धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा।
ब्रज मोहन मिश्र, जनकपुर (नेपाल)। मंगलमय दिन आजू हे, पाहुन छथ आयल, घर आंगन में खुशियां छायल, मंगलमय दिन आजू हे...जनकपुर में मंगलवार का दिन मंगल गीत से गूंज रहा था।
जय श्रीराम... जय सियाराम की गूंज... श्रद्धा के भाव से हर चेहरा आह्लादित। अवध से मिथिला तक उमंग, और भक्तिभाव से श्रद्धालु लबरेज।
प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से मां सीता के मायके जनकपुर तक सीधी ट्रेन सेवा की शुरुआत ने त्रेतायुग के संबंध को मानो और प्रगाढ़ता दे दी हो।
सोमवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने जैसे ही अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए सरयू कमला एक्सप्रेस (स्पेशल) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वैसे ही मिथिला की धरती पर इसके स्वागत के लिए दोनों देशों के लोगों ने पलकें बिछा दीं।
सरयू और कमला नदी की संस्कृति को जोड़ती यह ट्रेन मंगलवार सुबह 5.19 बजे मधुबनी रेलवे स्टेशन पहुंची। बेसब्री से इंतजार कर रहे श्रद्धालु जय श्रीराम... जय सियाराम के नारे लगा रहे थे।
ट्रेन सुबह 6.15 बजे जयनगर के नेपाली रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां भारी सुरक्षा जांच के बाद धीरे-धीरे ट्रेन जनकपुर के लिए बढ़ी।
अयोध्या से लेकर जयनगर तक करीब 1000 श्रद्धालु कुल 17 अलग-अलग बोगियों में सवार थे। सभी बोगियों से प्रभु श्रीराम के जयकारे गूंज रहे थे।
ट्रेन सुबह 9.30 बजे जनकपुर धाम स्टेशन पर पहुंची। नेपाल के राष्ट्रीय ध्वज और भगवा झंडे से स्टेशन पटा हुआ था। जय श्रीराम के नारे लग रहे थे।
ट्रेन के अंदर सवार श्रद्धालु भी ताल मिलाकर जयघोष करने लगे। भारतीय यात्रियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। मानो जनकपुर में अयोध्या से आई बारात का स्वागत किया जा रहा था। नाश्ता, पानी, भोजन सब तैयार था।
जनकपुरधाम स्टेशन परिसर में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अवध और मिथिला के प्रगाढ़ संबंध को मजबूती की प्रशंसा की गई।
मिथिला नाट्य परिषद ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोगों को आह्लादित कर दिया। मंगलवार का दिन खास था। कार्तिक पूर्णिमा।
जानकी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब था। अयोध्या से आई ट्रेन के यात्री भी दर्शन के लिए पहुंचे। भगवती मंदिर, राम मंदिर, गंगा सागर, धनुषा सागर का लोगों ने दर्शन किया।
नेपाल में उत्साह, दोनों देशों की सरकार का ऐतिहासिक निर्णय
जनकपुरधाम स्थित माता जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रौशन दास ने कही ने कहा कि जनकपुरधाम व अयोध्या के बीच ट्रेन परिचालन से मिथिला क्षेत्र का पर्यटकीय विकास होगा।
जनकपुरधाम एवं अयोध्या के बीच परिचालित ट्रेन के नामकरण से मिथिला व अवध के मधुर संबंधों में प्रगाढ़ता बढ़ेगी। ट्रेन का नाम सरयू कमला एक्सप्रेस रखना दोनों देशों की दूरदर्शिता को दर्शाता है।
यह त्रेतायुग के संबंध को और प्रगाढ़ बनाएगा। पूरे नेपाल में उत्साह है। मिथिला क्षेत्र में माता कमला व अवध में माता सरयू नदी पूजनीय है।
इन दोनों नदियों के नाम से मिथिला व अवध के बीच ट्रेन का परिचालन होना सनातनियों के लिए गौरव की बात है। इस ट्रेन के परिचालन से मिथिला क्षेत्र में पर्यटकीय विकास होगा।
यह ट्रेन विश्व स्तर पर मिथिला व अवध के पौराणिक संबंधों को उजागर करेगी। इस ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालु प्रभु श्रीराम व माता जानकी के जीवन यात्रा का दर्शन आसानी से कर पाएंगे।
मिथिला क्षेत्र के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए हम सभी सनातनी दोनों देशों के प्रधान को साधुवाद देते हैं।
दोपहर 1.20 बजे जनकपुर से अयोध्या के लिए लौटी ट्रेन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद सरयू कमला एक्सप्रेस जनकपुर से दोपहर 1.20 बजे अयोध्या के लिए खुली। 2.15 बजे जयनगर में पहुंची। यहां 1 घंटे तक रुकने के बाद 3.15 बजे खुली।
सरयू कमला एक्सप्रेस से अयोध्या के लिए जाएगा भार
जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंथ राम रौशन दान ने भारत और नेपाल सरकार के इस एतिहासिक कदम पर प्रसंन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनकपुर से अयोध्या का सीधे जुड़ना मानो त्रेता युग के संबंध में मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि ट्रेन सेवा नेपाल के लोगों के लिये बहुत सुखद है। उन्होंने कहा कि नेपाल रेलवे के जीएम से बात करके यह किया जायेगा कि विवाह पंचामी के बाद अयोध्या जाने वाला भार इस बार इसी ट्रेन से जाये। पूरी ट्रेन बुक की जायेगी। पहले निजी गाड़ियों से भार भेजा जाता रहा है।
आइआरसीटीसी के माध्यम से टिकट की होगी बुकिंग, राजस्व बंटवारे को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं
सरयू कमला एक्सप्रेस (स्पेशन) ट्रेन जब 27 या 28 नवंबर से नियमित यात्रियों के लिए शुरू होगी।
जनकपुर में भी इसके लिये बुकिंग काउंटर खोला गया है। वहां आइआरसीटीसी के कर्मी बुकिंग की ट्रेनिंग देंगे। आइआरसीटीसी के माध्यम से ही बुकिंग होगी।
वहीं, नेपाल रेलवे के जीएम का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच राजस्व के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम रूप से निर्णय नहीं हुआ है।
रेल अधिकारियों में चर्चा है कि टिकट के जीएसजी वाले पार्ट को नेपाल लेगा। बताया जा रहा है कि इस ट्रेन में करीब 70 प्रतिशत टिकट सीधे अयोध्या से जनकपुर और जनकपुर से अयोध्या के लिये प्राथमिकता के तौर पर है।
जीआरपी की दो टुकड़ियों ने की सुरक्षा गश्त
सरयू कमला एक्सप्रेस की सुरक्षा के लिये आरपीएफ के दो पार्टी को तैनात किया गया था। एक टुकड़ी लखनऊ से नरकटियागंज और दूसरी टुकड़ी नरकटियागंज से जयनगर तक आई।
यहां नेपाल सुरक्षा बल एपीएफ को जिम्मा सौंपा गया। लौटने के दौरान भी ऐसे ही हुआ। जयनगर के नेपाली रेलवे स्टेशन पर एसएसबी, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस ने जांच की।
लकड़ी-कोयले से चलती थी जयनगर-जनकपुर ट्रेन
जयनगर से जनकपुर के बीच अब भले ही एक घंटे में सफर पूरा हो जाता हो, लेकिन करीब डेढ़ दशक पहले तक यह सफर किसी रोमांच से कम नहीं था।
तब 29 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को दो से तीन घंटे लगते थे। वजह थी नैरोगेज लाइन और धीमी रफ्तार।
बड़े-बुजुर्ग बताते हैं कि नैरोगेज ट्रेन की रफ्तार इतनी धीमी थी कि लोग चलते ट्रेन से उतरकर काम निपटा लेते और फिर दौड़कर चढ़ जाते थे।
2022 में भारत सरकार के सहयोग से बड़ी लाइन बनने के बाद अब यह सफर आसान हो गया है। जयनगर-जनकपुर रेल खंड की शुरुआत 1937 में ब्रिटिश काल में हुई थी।
उस समय इसका मुख्य उद्देश्य जनकपुर के जंगलों से लकड़ी लाकर भारत पहुंचाना था। धीरे-धीरे यह रेल लाइन जयनगर और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच तीर्थयात्रियों, व्यापार और रोजगार की अहम कड़ी बन गई।
नैरोगेज में एक ट्रेन लगाती थी तीन फेरे
डेढ़ दशक पूर्व जयनगर से जनकपुर के बीच सिर्फ एक ट्रेन तीन फेरा लगाती थी। बड़ी लाइन बनने के बाद भारत सरकार ने डेमू सवारी गाड़ी उपलब्ध कराई है, जो अभी भी जयनगर से जनकपुर के बीच तीन फेरा लगा रही है।
पहले जलावन, फिर कोयले से चलती थी ट्रेन
शुरुआत में नेपाली ट्रेन जलावन से चलती थी। बाद में कोयले से चलने लगी। बड़ी लाइन बनने के बाद जयनगर से जनकपुर तक डीजल ट्रेन चलने लगी, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।