ऐतिहासिक दिन : अयोध्या से जनकपुर तक आस्था की रेल, नरकटियागंज में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
अयोध्या से जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का नरकटियागंज स्टेशन पर भव्य स्वागत हुआ, जहां जय श्रीराम के जयकारे गूंजे। यह ऐतिहासिक रेल सेवा भारत-नेपाल के बीच आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन गई है।
-1795455814400_m.webp)
पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर संत समाज ने यात्रियों को दिया सनातनी भोजन। जागरण
HighLights
नरकटियागंज में सरयू-कमला एक्सप्रेस का भव्य स्वागत, जय श्रीराम गूंजे।
अयोध्या-जनकपुर को जोड़ने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा शुरू हुई।
संतों ने यात्रियों को सनातनी भोजन कराया, धार्मिक पर्यटन बढ़ा।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। कहीं फूलों से सजी ट्रेन, कहीं जय श्रीराम के जयघोष और कहीं श्रद्धालुओं के स्वागत में जुटे संत। अयोध्या से जनकपुर तक की ऐतिहासिक रेल यात्रा ने रविवार की रात नरकटियागंज रेलवे स्टेशन को आस्था के उत्सव में बदल दिया।
भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और माता जानकी की जन्मस्थली को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया।
ट्रेन में सवार संतों ने यात्रियों को सनातनी भोजन कराया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए नरकटियागंज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे।

9:08 बजे स्टेशन पहुंची आस्था की रेल
आकर्षक ढंग से सजाई गई सरयू-कमला एक्सप्रेस रविवार की रात 9:08 बजे नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया। लोगों ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया। करीब आधे घंटे के निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन रात 9:40 बजे जनकपुर के लिए रवाना हो गई।
संतों ने यात्रियों को कराया भोजन
इस ऐतिहासिक यात्रा में अयोध्या और गोरखपुर से पहुंचे संतों ने भी भाग लिया। संतों ने ट्रेन में सवार यात्रियों को सनातनी भोजन कराया। हनुमान मंदिर की ओर से यात्रियों के लिए निशुल्क प्रसाद और भोजन की व्यवस्था की गई थी।
हनुमान मंदिर के वीर चंद्र दास ने कहा कि यह रेल सेवा भगवान श्रीराम और माता सीता की जन्मस्थली को सीधे जोड़ने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा है। यह केवल रेल यात्रा नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच प्रेम, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
80 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता हुए रवाना
केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बताया कि 80 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता इस ट्रेन से जनकपुर के लिए रवाना हुए हैं। इनमें प्रदीप दुबे, अरविंद दुबे, आकाश श्रीमुख, रंजू चौबे और रंजन ओझा सहित थरुहट क्षेत्र के कई श्रद्धालु शामिल रहे। ट्रेन के स्वागत के साथ ही लोगों में इस धार्मिक यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखा।

सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा रेल प्रशासन
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन सतर्क रहा। स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेन के अंदर तक आरपीएफ और रेल पुलिस के जवान तैनात रहे।
मंडल स्तर के कई अधिकारी भी व्यवस्थाओं की निगरानी करते दिखे। स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद कलीम ने बताया कि नरकटियागंज में इंजन बदलने के लिए करीब 30 मिनट का ठहराव निर्धारित था। तय समय में इंजन बदलने की प्रक्रिया पूरी कर ट्रेन को जनकपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
दो देशों की आस्था को मिला नया रेल सेतु
सरयू-कमला एक्सप्रेस की इस यात्रा को भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों की नई कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। अयोध्या से जनकपुर तक की इस यात्रा में चंपारण और सीमावर्ती क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इसे खास बना दिया। राम और जानकी की जन्मस्थली को जोड़ने वाली इस पहल से क्षेत्र के लोगों में धार्मिक पर्यटन और आवागमन की नई उम्मीदें भी जगी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।