मुजफ्फरपुर से पटना, दरभंगा और मोतिहारी जाना अब और आसान होगा, जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
मुजफ्फरपुर के इमलीचट्टी डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंच गई है, जिससे रेलवे की बाधा दूर हुई। पीएम ई-बस सेवा के तहत 50 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन जल्द शुरू होगा।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
इमलीचट्टी डिपो में चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंची।
पीएम ई-बस सेवा के तहत 50 बसें चलेंगी।
मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों को मिलेगी सुविधा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इलेक्ट्रानिक बसों के परिचालन के लिए इमलीचट्टी स्थित डिपो में चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंच गई हैं।
बिजली कनेक्शन की राह में रेलवे का काफी दिनों से अड़ंगा था। इसकी वजह से इलेक्ट्रानिक बसों के परिचालन शुरु नहीं होने पर ग्रहण था। यहां एक साथ करीब 14 बसों के चार्जिंग की व्यवस्था होगी। पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक रविकांत नारायण ने कहा कि जल्द ही चार्जिंग प्वाइंट शुरू हो जाएगा।
इमलीचट्टी से 50 इलेक्ट्रानिक बसों का होना है परिचालन : पीएम ई-बस सेवा के तहत मुजफ्फरपुर से करीब 50 बसों का परिचालन कई जिलों के लिए होना है। बताया जाता है कि फिलहाल मुजफ्फरपुर डिपो को 25 बस मिलने की संभावना है। हालांकि निगम ने 50 बसों के लिए रूट लगभग तय कर लिया है।
- मुजफ्फरपुर-पटना रूट में चार
- मुजफ्फरपुर-शिवहर रूट में सात
- मुजफ्फरपुर-औराई-उमरी रूट में आठ
- मुजफ्फरपुर-साहेबगंज-केसरिया रूट में छह
- मुजफ्फरपुर-दरभंगा रूट में पांच
- मुजफ्फरपुर-फतेहपुर रूट में एक
- मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रूट में छह
- मुजफ्फरपुर-महुआगाढ़ी-पुपरी रूट में तीन
- मुजफ्फरपुर-जजुआर-पहसौल रूट में दो
- मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रूट में चार
- मुजफ्फरपुर-कटरा-चामुंडा स्थान रूट में चार
मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए केंद्र ने दिए 18.86 करोड़
12 नवंबर 2026 को पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए कुल 18 करोड़ 86 लाख रुपये जारी किए गए हैं। यह राशि योजना के केंद्रांश मद से जारी की गई है। मुजफ्फरपुर को 7.51 करोड़ रुपये, पूर्णिया को 5.96 करोड़ रुपये और दरभंगा को
5.39 करोड़ रुपये दिए गये हैं। ज्ञात हो कि पीएम ई-बस सेवा के तहत पहले ही पांच शहरों में डिपो इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 62.83 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। अब 18.86 करोड़ मिलने से दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में ई-बस सेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
मुजफ्फरपुर, पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा एवं पूर्णिया में 62 करोड़ 83 लाख का बजट
मुजफ्फरपुर : बिहार में सार्वजनिक परिवहन को नया रूप देने के लिए पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत डिपो इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए परिवहन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 62 करोड़ 83 लाख रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति दी।
इस राशि में राज्यांश मद में 7.48 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि की गई है। योजना के तहत पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं पूर्णिया में आधुनिक सुविधाओं से लैस बस डिपो बनाए जाने की योजना थी।
इन डिपो में ई-बसों की चार्जिंग, रख-रखाव, वाशिंग और संचालन की पूरी व्यवस्था होगी। इससे यात्रियों को साफ-सुथरी और समय पर बस सेवा मिल सकेगी। इससे पहले कुल 55.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी।
इसमें 60 प्रतिशत केंद्रीय अंश के तहत 33.21 करोड़ रुपये और 40 प्रतिशत राज्यांश के तहत 22.14 करोड़ रुपये का प्रविधान था। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड से नया प्राक्कलन मिलने के बाद राशि बढ़ाकर 62.83 करोड़ रुपये कर दी गई है। निर्माण कार्य बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जाना था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।