मुजफ्फरपुर में पुरानी जीरोमाइल के पास सड़क किनारे मिला दरभंगा के हलवाई का शव, हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर के अहियापुर में पुरानी जीरोमाइल चौक के पास सड़क किनारे एक हलवाई का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटनास्थल पर मौजूद लोग(सौ. जागरण)
HighLights
मुजफ्फरपुर में सड़क किनारे मिला हलवाई का शव।
दरभंगा निवासी सुशील कुमार की हत्या की आशंका।
पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के पुरानी जीरोमाइल चौक के समीप शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान दरभंगा जिले के सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी प्यारी देवी ने बताया कि उनके पति यहां अपनी बहन के घर रहकर हलवाई का काम करते थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
ननदोई ने फोन कर दी मौत की सूचना
पत्नी के अनुसार, सुबह उनके ननदोई ने फोन कर सुशील की मौत की सूचना दी। जब वे भागकर घटनास्थल पर पहुंचे, तो सुशील का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ था। इधर, घटना की सूचना पर पहुंची अहियापुर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

सूचना मिलने पर पहुंची पत्नी (सौ.जागरण)
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में विवाहिता की मौत के बाद पति फरार, सास ने खुद को कमरे में किया बंद
पुलिस के मुताबिक, स्वजन अभी घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। स्वजन के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम और एफएसएल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।