Aaj Ka Mausam 28 October: चक्रवात 'अर्णब' का दिखेगा विकराल रूप, उत्तर बिहार में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
Very Severe Cyclonic Storm Arnab: चक्रवात 'अर्णब' का असर 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बिहार, खासकर उत्तर बिहार में दिखेगा, जिससे भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।

उत्तर बिहार के जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
HighLights
चक्रवात 'अर्णब' का बिहार में 28 अक्टूबर से असर।
उत्तर बिहार में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं।
मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में जलजमाव, फसल नुकसान की आशंका।
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। Cyclone Arnab Bihar Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 28 अक्टूबर 2026 के लिए जारी नए पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से उठे अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर अब देश के कई राज्यों के साथ-साथ बिहार में भी पूरी तरह दिखने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के सक्रिय प्रभाव और पूरब से आने वाली हवाओं के कारण 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के दौरान बिहार और विशेषकर उत्तर बिहार के जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलेगा और बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस दौरान उत्तर बिहार के जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आज (28 अक्टूबर) तापमान और मौसम का हाल
- तापमान: अधिकतम 27°C से 32°C | न्यूनतम 18°C
- आर्द्रता (Humidity): 90% (सुबह) | 60% (दोपहर)
- पूर्वानुमान: आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही, कई जगहों पर वज्रपात और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
चक्रवात 'अर्णब' की वर्तमान स्थिति
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग 20 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। यह आज, 27 अक्टूबर, 2026 को सुबह 08:30 बजे IST पर उसी क्षेत्र में अक्षांश 16.0° उत्तरी और देशांतर 84.3° पूर्वी के निकट केंद्रित था।
यह तूफान विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 220 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 240 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित है। इसके 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की बहुत अधिक संभावना है।
इसके बाद, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने तथा 28 अक्टूबर, 2026 की पूर्वाह्न तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के निकट, आंध्र प्रदेश एवं यनम के तटों को अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की बहुत अधिक संभावना है।
इस दौरान अधिकतम निरंतर पवन गति 125-135 किमी प्रति घंटा तथा झोंकों में 150 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश के बाद बिहार पर प्रभाव
आंध्र प्रदेश और यनम के तटों से टकराने के बाद यह चक्रवात उत्तर-पूर्व दिशा की ओर मुड़ेगा और इसके अवशेष तथा नमीयुक्त पूर्वी हवाओं के सक्रिय प्रवाह के कारण 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के दौरान बिहार में इसका सीधा प्रभाव देखने को मिलेगा।
बिहार के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा के साथ-साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से झोंकेदार सतही हवाएं चल सकती हैं।
लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही, फसलों, बागवानी, केले, पपीते और आम जैसे पेड़ों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
उत्तर बिहार में कब और कहां होगी बारिश
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा (समस्तीपुर) एवं आईएमडी के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात 'अर्णब' के प्रभाव से 29 से 31 अक्टूबर के दौरान उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रह सकते हैं।
विशेष तौर पर 30 और 31 अक्टूबर को समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीवान, मधुबनी, सीतामढ़ी, वैशाली, गोपालगंज तथा पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण जिलों के कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 16 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी और बाद में दक्षिण-पश्चिमी होकर 15-25 किमी प्रति घंटे की गति से चल सकती है।
