Kal Ka Mausam 20 November: चक्रवात अकवान का उत्तर बिहार में दिखेगा असर, बदल जाएगा मौसम
Bihar Rain Alert Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण 20 नवंबर से पूरे बिहार, ...और पढ़ें

20 नवंबर से उत्तर बिहार के जिलों के साथ साथ पूरे राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव दिखने वाला है।
HighLights
चक्रवात अकवान से 20 नवंबर से बिहार में बदलेगा मौसम।
उत्तर बिहार में वर्षा, बूंदाबांदी और कोहरे की संभावना।
किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह जारी।
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। Cyclone Akvan Bihar Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग पर बने अति गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' और राज्य में पूर्वी हवा के सक्रिय प्रवाह के कारण कल यानी 20 नवंबर से उत्तर बिहार के जिलों के साथ साथ पूरे राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव दिखने वाला है।
मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, पटना और बिहार मौसम सेवा केंद्र की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर से राज्य में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की प्रबल संभावना है।
इसके विपरीत गुरुवार को सुबह से खिली धूप रही, आसमान पूरी तरह साफ रहा और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बादल और बूंदाबांदी के आसार
बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, बक्सर, कैमूर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सासाराम, सीतामढ़ी, सिवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण जिलों के कई हिस्सों में सुबह व शाम के समय मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
वहीं डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि चक्रवात अकवान की वजह से उत्तर बिहार के जिलों में भी मौसम बदलेगा।
आसमान में बादल छाए रहेंगे और बेगूसराय व समस्तीपुर आदि जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। पुरवा चलने के कारण तापमान में कमी आएगी, जबकि अगले दो दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
चक्रवात अकवान की स्थिति
आईएमडी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'अकवान' 19 नवंबर को 0000 UTC (0530 बजे IST) पर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में अक्षांश 14.5° उत्तर और देशांतर 85.3° पूर्व के निकट केंद्रित था, जो पिछले 6 घंटों में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ा।
इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते हुए कल यानी 20 नवंबर को 0600 UTC (1130 बजे IST) तक नरसापुर और पुरी के बीच (गोपालपुर के पूर्व में) उत्तर आंध्र प्रदेश एवं यनम तथा दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है, जहां निरंतर हवा की गति 90–100 किमी प्रति घंटे और झोंकों में 110 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने भी 20 से 23 नवंबर के बीच भीषण चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव से राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की चेतावनी दी है।
वहीं, आईएमडी के अनुसार 21 नवंबर को पूर्वी बिहार के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन व वज्रपात के साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवा चल सकती है तथा भागलपुर व कटिहार में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की आशंका है।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि मेघगर्जन व वज्रपात से जन-धन और पशुधन को नुकसान पहुंच सकता है। तेज झोंकेदार हवा व वज्रपात से खड़ी फसलों, फलदार वृक्षों और कृषि उपज को क्षति पहुंचने के साथ-साथ कमजोर या कच्चे मकानों व टीन की छतों को नुकसान और भारी बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव व यातायात बाधित होने की आशंका है।
किसानों को सलाह दी गई है कि खरीफ फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित व सूखे स्थान पर रखें, कटी या खुले में रखी फसल को तिरपाल से ढकें, प्रतिकूल मौसम के दौरान कटाई व अनावश्यक सिंचाई फिलहाल स्थगित रखें और खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करें।
आमजन के लिए दिशा निर्देश
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के प्रमुख वैज्ञानिक-डी आशीष कुमार ने आमजन व किसानों से सतर्क रहने और एहतियाती उपाय अपनाने की अपील की है।
मेघगर्जन व आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, खेतों, ऊंचे पेड़ों, जलाशयों और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों, बल्कि सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।
तेज हवा या खराब मौसम के दौरान कमजोर संरचनाओं, टीन की छतों, पुराने पेड़ों व बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें, जलभराव वाले रास्तों व अनावश्यक यात्रा से बचें और आपदा प्रबंधन के निर्देशों का पालन करें।
यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam: बिहार में कल से दिखेगा चक्रवात अकवान का असर, पटना समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट
https://t.co/k2dnOz4XIH
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) November 19, 2026
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।