बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में पीजी शुल्क एकरूपता पर बड़ा फैसला, बनेगी विशेष समिति
Brabu Pg Fee Structure: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में पीजी पाठ्यक्रमों की शुल्क संरचना में एकरूपता लाने के लिए एक विशेष ...और पढ़ें

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
पीजी शुल्क में एकरूपता हेतु विशेष समिति बनेगी।
राजभवन के शुल्क निर्देशों पर गहन चर्चा हुई।
द्वितीय सेमेस्टर शुल्क विवरण कॉलेजों से मांगा गया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Brabu Muzaffarpur: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में पीजी स्तर के पाठ्यक्रमों की शुल्क संरचना में एकरूपता कायम करने के लिए अब एक विशेष कमिटी का गठन किया जाएगा।
यह कमिटी विश्वविद्यालय के विभिन्न पीजी विभागों से लेकर कॉलेजों में संचालित होने वाले पीजी कोर्सेस की फीस पर अंतिम निर्णय लेगी।
कुलपति के निर्देश पर न्यू गेस्ट हाउस में डीन, पीजी विभागाध्यक्षों और प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
इस कमिटी में संकायाध्यक्ष, पीजी विभागाध्यक्ष, डीएसडब्ल्यू और कॉलेज के प्राचार्यों को शामिल किया जाएगा, जो एक वर्षीय और दो वर्षीय पीजी कोर्स की शुल्क संरचना को तय करेंगे।
नए निर्देशों और विसंगतियों पर चर्चा
बैठक के दौरान राजभवन (लोकभवन) की ओर से पीजी कोर्स के लिए जारी निर्देश और निर्धारित शुल्क संरचना पर विस्तार से चर्चा की गई। लोकभवन की ओर से 4 जुलाई को शुल्क संरचना संबंधी आदेश जारी किया गया था, जिसके तहत प्रथम सेमेस्टर में 4,800 रुपये और दूसरे सेमेस्टर में 3,500 रुपये शुल्क निर्धारित होना है।
वर्तमान में स्थिति यह है कि पीजी विभागों से लेकर कॉलेजों तक में फीस को लेकर कोई एकरूपता नहीं है, और सेकंड सेमेस्टर में नामांकन के दौरान अलग-अलग शुल्क वसूले जाने को लेकर लगातार विद्यार्थियों द्वारा शिकायतें मिल रही हैं।
प्रतिपूर्ति राशि और अन्य मुद्दों पर मंथन
बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि अब तक केवल छह कॉलेजों को ही प्रतिपूर्ति राशि के दायरे में शामिल किया गया है, जिस पर अन्य कॉलेजों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
इसके अलावा, सभी वर्ग की छात्राओं और एससी-एसटी वर्ग के छात्रों से नामांकन शुल्क लिए जाने तथा प्रतिपूर्ति राशि से जुड़े मामलों पर भी कमिटी के सदस्य अपनी राय रखेंगे।
सेकंड सेमेस्टर के शुल्क का मांगा विवरण
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीजी सेकंड सेमेस्टर के नामांकन के दौरान कालेजों और विभागों द्वारा अब तक जितने भी शुल्क लिए गए हैं, उसका पूरा विवरण मांगा गया है। इस विवरण के अध्ययन के बाद कमिटी को शुल्क संरचना में एकरूपता निर्धारित करने में काफी मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।