बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए मौका, यूथ फेस्टिवल में हुनर दिखाने को अगले माह होगा ट्रायल
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की टीम फरवरी में इंटर यूनिवर्सिटी ईस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में हिस्सा लेगी। इसके लिए अगले माह विभिन्न विधाओं के लिए ट्रायल के आधार पर 60 सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की यह तस्वीर जागरण आकाईव से ली गई।
HighLights
बीआरए विश्वविद्यालय की टीम फरवरी में यूथ फेस्टिवल में भाग लेगी।
अगले माह विभिन्न विधाओं के लिए सेलेक्शन ट्रायल आयोजित होगा।
प्रतियोगिता दो से छह फरवरी तक केआइआईटी ओडिशा में होगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। इंटर यूनिवर्सिटी ईस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की टीम फरवरी में हिस्सा लेगी। अगले माह विभिन्न विधाओं के लिए ट्रायल के आधार पर विश्वविद्यालय टीम का गठन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की ओर से तीन से चार दिनों के लिए सेलेक्शन ट्रायल रखा जाएगा। विभिन्न विधाओं के लिए आयोजित ट्रायल में कालेजों से लेकर पीजी विभागों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
पहले प्रतियोगिता का आयोजन नवंबर में होना था, लेकिन एआइयू की ओर से तिथि विस्तारित की गई है। इसकी जानकारी बीआरए बिहार विश्वविद्यालय समेत अन्य विश्वविद्यालयों को दी गई है।
ट्रायल के लिए कालेजों में की सांस्कृतिक टीम से जुड़कर छात्र-छात्राओं ने तैयारी शुरू कर दी है। ईस्ट जोन के लिए कोई भी विश्वविद्यालय अधिकतम 60 सदस्यों की टीम भेज सकता है। इसके लिए प्रति सदस्य 3500 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा।
पिछले वर्ष से फाइन आर्ट कैटेगरी में तीन विधाओं को अलग किया गया था। इसमें मेहंदी, स्पाट फोटोग्राफी, इंस्टालेशन को हटाया गया है।
प्रतियोगिता के लिए संगीत, नृत्य, साहित्य, थिएटर, फाइन आर्ट्स इवेंट और कल्चरल प्रोसेशन में प्रतिभागियों की चयन किया जाना है।
इसमें क्लासिकल वोकल सोलो, क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल सोलो, लाइट वोकल, वेस्टर्न वोकल, ग्रुप सांग, फोक आर्केस्ट्रा, क्लासिकल डांस, क्रिएटिव कोरियोग्राफी, सामान्य क्विज, डिबेट, वन एक्ट प्ले, मिमिक्री, आन द स्पाट पेंटिंग, कोलाज, पोस्टर मेकिंग, क्ले माडलिंग, कार्टूनिंग, रंगोली और क्लचरल प्रोसेशन शामिल है। प्रतियोगिता का आयोजन दो से छह फरवरी तक केआइआईटी ओडिशा में होना है।