Kal Ka Mausam 9 October: मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में बदलेगा मौसम, बारिश और वज्रपात का ALERT
Bihar Weather Update: मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार में 11 अक्टूबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया ...और पढ़ें

उत्तर-पूर्वी बिहार और इसके आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Rain Alert: जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में गुरुवार की सुबह जब लोगों की आंख खुली तो बारिश हो रही थी। दिन चढ़ने के साथ इससे राहत मिली। यही स्थिति शुक्रवार को भी रहने वाली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार निचले ट्रॉपोस्फेरिक लेवल पर उत्तर-पूर्वी बिहार और इसके आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।
इसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर तक बिहार के विभिन्न हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर बने हवा के कम दबाव के क्षेत्र के कारण मेघगर्जन की स्थिति बन रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 अक्टूबर को राज्य में कई स्थानों पर आंधी-तूफान की आशंका है। इस दौरान तेज हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मुजफ्फरपुर में हल्की वर्षा
मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में 9 अक्टूबर को गरज वाले बादल बने रहेंगे। पूर्वानुमान के अनुसार अधिकांश जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
तापमान और आर्द्रता का हाल
इस दौरान न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। सुबह के समय हवा में सापेक्ष आर्द्रता 75 से 85 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं दोपहर के समय आर्द्रता घटकर 45 से 55 प्रतिशत के आसपास पहुंच सकती है।
तेज पुरवा का अनुमान
पूर्वानुमान अवधि के दौरान मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों में मुख्य रूप से पूर्वी दिशा से हवाएं चलेंगी। इन पूर्वी हवाओं की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम #चेतावनी #बिहार #दिन-1 से दिन-7 तक https://t.co/IMkenKQ6ZX
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) October 8, 2026
