Weather Update : उत्तर बिहार में अगले पांच दिन मौसम का खास अपडेट, विभाग की ओर से आया यह पूर्वानुमान
उत्तर बिहार में 7 से 11 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव की संभावना है, जिसमें कई स्थानों पर हल्की वर्षा ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
उत्तर बिहार में 7 से 11 अक्टूबर तक हल्की वर्षा संभव।
अधिकतम तापमान 31-35 डिग्री, न्यूनतम 22-26 डिग्री रहेगा।
किसानों को रबी फसलों की बुवाई हेतु खेत तैयार करने की सलाह।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम के तेवर फिर बदलने लगे हैं। सुबह से आसमान में बादलों का डेरा रहा तो धूप की तपिश भी कुछ कम महसूस हुई। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा।
डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सात से 11 अक्टूबर तक उत्तर बिहार में मौसम बदला-बदला रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज वाले बादल बनने और हल्की वर्षा की संभावना है।
पांच दिन बारिश के आसार
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, कृषि मौसम विभाग एवं जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। गरज वाले बादल बनने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम पूरी तरह साफ रहने के आसार कम हैं।
तापमान में बहुत बदलाव नहीं
पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह की सापेक्ष आर्द्रता 75 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है। पूर्वी दिशा से पांच से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मंगलवार को सामान्य से नीचे रहा पारा
मंगलवार को मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। बादल छाए रहने से तापमान में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई और हल्की ठंडक महसूस हुई।
किसानों को खेत तैयार करने की सलाह
मौसम को देखते हुए नोडल पदाधिकारी डा. ए. सत्तार ने किसानों को रबी फसलों की समय पर बोआई के लिए खेत तैयार करने की सलाह दी है। गुणवत्तापूर्ण बीज चुनने, सड़ी गोबर की खाद का प्रयोग करने और फसलों में कीटों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। किसानों को बैंगन की बोआई शुरू करने की भी सलाह दी गई है।
