मुजफ्फरपुर का रामदयालु स्टेशन बनेगा विश्वस्तरीय टर्मिनल, छह लाइनें और नया प्लेटफॉर्म बढ़ाएंगे क्षमता
मुजफ्फरपुर के रामदयालु स्टेशन को सोनपुर रेल मंडल का बड़ा टर्मिनल बनाने की तैयारी तेज हो गई है, जिसमें दो ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर का रामदयालु स्टेशन । जागरण
HighLights
रामदयालु स्टेशन को बड़ा टर्मिनल बनाने की तैयारी तेज।
दो नई रेल लाइनें और एक नया प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा।
विस्तार के लिए 21.5 एकड़ जमीन की मापी शुरू हुई।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जंक्शन के सोनपुर रेल मंडल से निकलने के बाद अब उसके आसपास के स्टेशनों पर विकास की नई तस्वीर दिखने लगी है। सोनपुर रेल मंडल में बचे रामदयालु स्टेशन को बड़े टर्मिनल के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है।
चार रेल लाइनों वाले रामदयालु स्टेशन पर अब दो और लाइनें बिछाने की योजना है। छह लाइनें होने के साथ एक नया प्लेटफार्म भी बनाया जाएगा। मंगलवार को रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र का निरीक्षण किया और अमीन को लेकर जमीन की मापी शुरू कराई।
रामदयालु को केवल क्रासिंग या छोटे स्टेशन की क्षमता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। सोनपुर रेलमंडल का अंतिम स्टेशन होने से इसे विश्वस्तरीय टर्मिनल बनाया जाएगा। रेलवे इसे भविष्य की यात्री व परिचालन जरूरतों के हिसाब से विकसित करना चाहता है।
विश्वस्तरीय टर्मिनल के अनुरूप स्टेशन के विस्तार की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए सबसे बड़ी चुनौती जमीन की आ रही है। रेलवे को करीब साढ़े 21 एकड़ जमीन की आवश्यकता पड़ेगी।
जमीन पर पक्के मकान, अब रेलवे मांगेगा रास्ता
विस्तार के लिए जमीन की स्थिति स्पष्ट करने को अमीन लगाकर मापी शुरू कराई गई है। स्टेशन के उत्तर से दक्षिण तक काजीमुहम्मदपुर, कच्ची-पक्की व शेरपुर मौजा की जमीन इसकी जद में आ रही है।
तीनों मौजों में रेलवे की जमीन, उपलब्ध क्षेत्र और प्रस्तावित निर्माण की सीमा तय की जा रही है। मापी में रेलवे की जमीन पर वर्षों से बने पक्के मकानों का मामला भी सामने आ रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जमीन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस भेजा जाएगा। पहले उन्हें स्वेच्छा से रेलवे की जमीन खाली करने का आग्रह किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरपुर के बाद रामदयालु पर फोकस
मुजफ्फरपुर जंक्शन के सोनपुर रेल मंडल से अलग होकर समस्तीपुर रेल मंडल में चले जाने के बाद रामदयालु अब सोनपुर मंडल के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन माना जा रहा है। ऐसे में इसकी क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
दो नई रेल लाइनें व नया प्लेटफार्म बनने से यहां ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में अधिक यातायात संभालने में मदद मिलेगी। सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम अमित सरन ने पिछले महीने इस दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ाने का आदेश दिया था। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग ने जमीन की मापी का काम शुरू किया है। अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित क्षेत्र का जायजा लिया।
