नरकटियागंज-बगहा रेलखंड पर ब्लाक से मुजफ्फरपुर की कई ट्रेनें प्रभावित, दो जोड़ी रद
Muzaffarpur train disruptions: नरकटियागंज-बगहा रेलखंड पर साढ़े सात घंटे के पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के कारण मुजफ्फरपुर से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। कुछ ट्रेनों को नियंत्रित किया जाएगा, कुछ के मार्ग बदले जाएंगे और दो जोड़ी ट्रेनें रद्द रहेंगी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । नरकटियागंज-बगहा रेलखंड पर पुल संख्या 346 के कटिंग एवं कनेक्शन कार्य को लेकर बुधवार को साढ़े सात घंटे का पावर एवं ट्रैफिक ब्लाक लिया जाएगा। इसके कारण मुजफ्फरपुर होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा।
इनमें मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (12557) और प्रयागराज रामबाग-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (14112) भी शामिल हैं। दोनों ट्रेनें निर्धारित मार्ग पर नियंत्रित होकर चलेंगी। वहीं, दरभंगा-खातीपुरा एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया गया है।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार,बुधवार को गाड़ी संख्या 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस बेतिया-हरिनगर के बीच 45 मिनट नियंत्रित होकर चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 14112 प्रयागराज रामबाग-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट-पनियहवा के बीच 90 मिनट नियंत्रित रहेगी।
दरभंगा-खातीपुरा एक्सप्रेस (19726) 25 नवंबर को समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-हाजीपुर-छपरा-सीवान-थावे-कप्तानगंज के रास्ते चलाई जाएगी।
वहीं, आनंद विहार टर्मिनल-लौकहा बाजार स्पेशल (04014) 24 नवंबर को कप्तानगंज-थावे-सीवान-छपरा-मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इसके अलावा रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (15273) बुधवार को रक्सौल से चार घंटे की देरी से खुलेगी।
आनंद विहार-रक्सौल एक्सप्रेस (15274) मंगलवार को ढाई घंटे की देरी से चली। बरौनी-बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस (19038) बुधवार को दो घंटे विलंब से प्रस्थान करेगी।
ब्लाक के कारण बुधवार को नरकटियागंज-गोनहा (53242) और गोनहा-नरकटियागंज (53241) रद रहेंगी। गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज (55096) का आंशिक समापन सिसवा बाजार में होगा, जबकि नरकटियागंज-बरौनी (55039) का आंशिक प्रारंभ सिसवा बाजार से किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।