विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी, बढ़ेगी कमाई, यहां खुलेंगी 12 गुड़ उत्पादन इकाइयां

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:33 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 12 नई गुड़ उत्पादन इकाइयां ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में 12 नई गुड़ उत्पादन इकाइयां होंगी स्थापित।

  2. गन्ना किसानों की आय बढ़ेगी, गुड़ उद्योग को मिलेगा बढ़ावा।

  3. ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर होंगे पैदा।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ाने और गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई पहल की है। बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत मुजफ्फरपुर में 12 नई गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी।

इनमें नौ लघु और तीन मध्यम क्षमता की इकाइयां होंगी। इससे जिले में गन्ना प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। गन्ना उद्योग विभाग ने चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के कार्यान्वयन की स्वीकृति दी है।

राज्यभर में कुल 79 नई इकाइयां स्थापित करने के लिए 488.668 लाख रुपये यानी चार करोड़ 88 लाख 68 हजार 800 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सहायक ईख पदाधिकारी अरविंद कुमार रवि ने बताया कि मुख्यालय से आदेश आया है।

योजना का मुख्य उद्देश्य गन्ना प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाना, उत्पादों का मूल्य संवर्धन करना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है। इसके तहत किसान, निवेशक, फर्म, एलएलपी कंपनी, सहकारी समितियां और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) नई गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित कर सकेंगे।

पूंजीगत लागत पर मिलेगा 50 प्रतिशत तक अनुदान

योजना के तहत इकाइयों की क्षमता के अनुसार पूंजीगत अनुदान दिया जाएगा। लघु इकाई की स्थापना पर पूंजीगत लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम छह लाख रुपये, मध्यम इकाई (21 से 40 टीसीडी) पर 50 प्रतिशत या अधिकतम 15 लाख रुपये तथा वृहद इकाई (41 से 60 टीसीडी) पर 50 प्रतिशत या अधिकतम 45 लाख रुपये अनुदान मिलेगा। वहीं, 60 टीसीडी से अधिक क्षमता वाली बड़ी इकाइयों को पूंजीगत लागत का 20 प्रतिशत या अधिकतम एक करोड़ रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।

दरभंगा में सर्वाधिक 17 इकाइयों का लक्ष्य 

विभाग की ओर से जारी जिलावार लक्ष्य के अनुसार दरभंगा में सर्वाधिक 17 इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इनमें नौ लघु और आठ मध्यम क्षमता की होंगी। मुजफ्फरपुर में 12, विशेष ईख पदाधिकारी पटना क्षेत्र में 10 और पूर्णिया में नौ इकाइयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

समस्तीपुर, गोपालगंज और मोतिहारी में पांच-पांच, सीवान में चार तथा बेतिया अंचल, रामनगर अंचल और विशेष ईख पदाधिकारी गोपालगंज क्षेत्र में तीन-तीन इकाइयां स्थापित होंगी। लघु और मध्यम श्रेणी में कुल 76 इकाइयों का लक्ष्य है।

शेष तीन इकाइयां वृहद और बड़ी क्षमता की श्रेणी में स्थापित की जाएंगी। योजना के सर्वोच्च नियंत्रक ईख आयुक्त होंगे, जबकि क्षेत्रीय ईख पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार की मिट्टी में उग रहे इजराइली सेब, एक एकड़ से 10 लाख तक कमा रहे किसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।