विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पांच साल पुराना लूटकांड फिर चर्चा में, एसटीएफ ने वांछित बंटी को दबोचा

By Sanjeev kumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 02 Nov 2026 02:49 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में पांच साल पहले हुए सीएसपी संचालक से 2.60 लाख रुपये की लूट के वांछित आरोपी सूरज कुमार उर्फ ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. पांच साल पुराने लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार।

  2. एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर के गायघाट से दबोचा।

  3. सीएसपी संचालक से लूटे थे 2.60 लाख रुपये।

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। पांच साल पहले दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से 2.60 लाख रुपये की लूट और फायरिंग की घटना में शामिल आरोपित आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

एसटीएफ की विशेष टीम ने गायघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर वांछित सूरज कुमार उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। वह गायघाट थाना क्षेत्र के बेला गोपी गांव का निवासी है। वर्ष 2021 में सकरा थाना क्षेत्र में हुई लूट की इस घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।

पिस्टल के बल पर सीएसपी संचालक से लूटे थे 2.60 लाख

सकरा थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक अरविंद कुमार को अपराधियों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर पिस्टल का भय दिखाया और गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद बैग में रखे 2.60 लाख रुपये नकद, पासबुक और चेकबुक लूट लिए। वारदात के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। जांच में सूरज कुमार उर्फ बंटी की संलिप्तता सामने आई थी।

मोबाइल, नकदी और चांदी के आभूषण जब्त

एसटीएफ की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल, 120 रुपये नकद, एक चांदी की चेन और दो चांदी की अंगूठियां बरामद की गईं।

मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में दर्ज हैं मामले

गिरफ्तार सूरज कुमार उर्फ बंटी के विरुद्ध मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो कांड दर्ज हैं। एसटीएफ की कार्रवाई को पांच साल पुराने लूटकांड में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में बड़ी वारदात की थी तैयारी, पुलिस ने पांच बदमाशों के मंसूबों पर फेरा पानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।