मुजफ्फरपुर में छठ महापर्व में खाली मकान की रखवाली के लिए 150 से अधिक लोगों ने बुक किए निजी गार्ड
छठ महापर्व पर लोग गांव जा रहे हैं, जिससे मुजफ्फरपुर में खाली घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
छठ पर गांव जाने से खाली हो रहे शहर के घर।
मुजफ्फरपुर में 150 से अधिक लोगों ने बुक किए गार्ड।
प्रति रात 1200-1500 रुपये खर्च कर रहे लोग सुरक्षा पर।
संवाद सहयोगी, बैरिया (मुजफ्फरपुर)। छठ महापर्व पर घर-आंगन में आस्था का दीप जलाने के लिए लोग परिवार समेत गांव जाने की तैयारी में हैं। किसी को ट्रेन में सीट मिलने की चिंता है तो किसी को सफर की व्यवस्था की।
लेकिन शहर में अपना मकान छोड़कर गांव जाने वालों के सामने एक और बड़ी चिंता है, घर की सुरक्षा। कहीं पीछे से चोर घर का ताला न तोड़ दें, इसी आशंका में लोग अब निजी सुरक्षा गार्ड की मदद ले रहे हैं। मुजफ्फरपुर में छठ को लेकर खाली मकानों की रखवाली के लिए अब तक डेढ़ सौ से अधिक लोग निजी गार्ड बुक करा चुके हैं।
1200 से 1500 रुपये प्रतिरात खर्च
छठ के दौरान निजी सुरक्षा गार्ड की मांग तेजी से बढ़ी है। सुरक्षा एजेंसी संचालकों के अनुसार, खरना से संध्या अर्घ्य तक गार्ड की सबसे अधिक मांग है।
मकान की रखवाली के लिए लोग 1200 से 1500 रुपये प्रतिरात तक खर्च कर रहे हैं। घर में ताला लगाकर कई दिनों तक बाहर रहने वाले लोग सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते।
गांव जाने वालों की बढ़ी संख्या
छठ महापर्व पर दूसरे जिलों और राज्यों से ही नहीं, विदेशों से भी बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार लौट रहे हैं। शहरों में रहने वाले स्थानीय लोग भी परिवार के साथ गांव जाकर पर्व मनाने की तैयारी में हैं। ऐसे में शहर के कई मोहल्लों में मकानों पर ताले लटकने लगे हैं। इसी के साथ खाली घरों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।
वन-वे टैक्सी की बढ़ी मांग
छठ पर घर लौटने वालों की भीड़ का असर परिवहन व्यवस्था पर भी दिख रहा है। ट्रेन और बसों में भीड़ व सफर की परेशानी से बचने के लिए लोग निजी टैक्सी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
एयरपोर्ट और रेलवे जंक्शन से मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों के लिए किराये की गाड़ियों की मांग बढ़ी है। खासकर वन-वे टैक्सी की बुकिंग अधिक हो रही है। ज्योति ट्रांसपोर्ट के संचालक रतन चौधरी और मुजफ्फरपुर कैब के प्रोपराइटर पलक श्रीवास्तव ने बताया कि छठ को लेकर वन-वे टैक्सी की मांग बढ़ी है।
पुलिस ने भी बढ़ाई गश्ती
इधर, छठ पर्व को देखते हुए पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष गश्ती टीमों को लगाया गया है। खाली मकानों और सुनसान इलाकों पर नजर रखने की तैयारी की गई है। पुलिस की विशेष गश्ती के बावजूद लोग अपने घरों की सुरक्षा के लिए निजी इंतजाम भी कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।