मुजफ्फरपुर में डिजिटल अरेस्ट गिरोह का पर्दाफाश, पीड़िता के पैसे लौटने की जगी उम्मीद, UP का शातिर गिरफ्तार
पुलिस ने मुजफ्फरपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पुलिस की गिरफ्त में यूपी का शातिर। सौजन्य-पुलिस
HighLights
डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी गिरोह का मुजफ्फरपुर में पर्दाफाश।
उत्तर प्रदेश के देवरिया से मुख्य आरोपी टीपू कुशवाहा गिरफ्तार।
पीड़िता के 2.64 लाख रुपये वापस दिलाने की उम्मीद जगी।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। पुलिस और सीबीआइ अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का साइबर थाने की पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
इस मामले में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरियारपुर क्षेत्र निवासी टीपू कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के बैंक खाते को लेकर दूसरे राज्यों में भी शिकायतें दर्ज हैं।
डराकर खाते से उड़ाए 3.48 लाख रुपये
साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पीड़िता रागिनी देवी को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबरों से फोन किया गया था।
फोन करने वालों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी और पुलिसकर्मी बताते हुए परिवार के एक सदस्य की गिरफ्तारी की बात कही। इसके बाद पीड़िता को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर धमकाया गया और उसके खाते से 3,47,999 रुपये की ठगी कर ली गई।
सितंबर में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले में सितंबर में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न बैंकों के घोस्ट व म्यूल खातों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते के धारक टीपू कुशवाहा की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पीड़िता के 2.64 लाख रुपये होल्ड
साइबर डीएसपी ने बताया कि पीड़िता के खाते से ठगी गई कुल राशि में से 2,64,748 रुपये होल्ड करा दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़िता को वापस कराने का प्रयास किया जाएगा।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
देवरिया में भी दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार, टीपू कुशवाहा के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरियारपुर थाने में मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अन्य थानों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। लंबित मामलों में उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
