विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा पर बिहार के तीन जिलों में अलर्ट, पंडालों में सादे लिबास में तैनात रहेगी पुलिस

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:29 PM (IST)

puja pandal security : पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।

डीआईजी मनोज कुमार तिवारी । जागरण

डीआईजी मनोज कुमार तिवारी । जागरण

HighLights

  1. डीआईजी ने दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी पुलिस को विशेष सतर्कता के निर्देश।

  2. पूजा पंडालों और भीड़भाड़ में सादे लिबास में तैनात रहेंगे जवान।

  3. मधुबनी के सीमावर्ती इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । दुर्गा पूजा में मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भीड़ और उत्सव के उल्लास के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है।

पूजा के दौरान कहीं भी शांति और सौहार्द में खलल नहीं पड़े, इसके लिए मिथिला प्रक्षेत्र के डीआइजी मनोज कुमार तिवारी ने दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी जिले की पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। पूजा पंडालों से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।

सीमावर्ती इलाकों पर विशेष नजर

डीआइजी ने खासकर मधुबनी जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया है। पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है।

पंडालों में सादे लिबास में तैनात रहेंगे जवान

पूजा पंडालों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे लिबास में भी तैनात किया गया है, ताकि भीड़ के बीच होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इससे महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पैनी नजर

पूर्व के वर्षों में जहां अप्रिय घटनाएं हुई थीं, उन संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

डीआइजी ने तीनों जिलों के लोगों से दुर्गा पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस और आम लोगों के सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में नया ट्रैफिक प्लान लागू, घर से निकलने से पहले देख लें रूट और पार्किंग व्यवस्था