विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में नया ट्रैफिक प्लान लागू, घर से निकलने से पहले देख लें रूट और पार्किंग व्यवस्था

Published: Sun, 11 Oct 2026 12:08 PM (IST)

दरभंगा पुलिस ने दुर्गा पूजा (10-23 अक्टूबर) और उर्स पर्व (13-16 अक्टूबर) के लिए नया ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । दुर्गा पूजा एवं उर्स पर्व को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी कर रूट में बदलाव किया है। रूट प्लान 10 से 23 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा और 13 से 16 अक्टूबर तक उर्स पर्व के लिए लागू किया गया है। इस दौरान शहर में भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लग गई है।

बसों और व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बताया कि बहेड़ी की ओर से दरभंगा आने वाली सभी व्यावसायिक और चारपहिया गाड़ियां रामनगर आइटीआइ कालेज तक ही जाएंगी और वहीं पार्क होंगी।

दोपहिया-चारपहिया वाहन समाहरणालय होते हुए लहेरियासराय टावर, हाजमा चौक और शोभन-एकमी होते हुए एनएच के लिए निकल सकेंगे। बिरौल और बेनीपुर से आने वाली बसें गंज चौक पेट्रोल पंप के पास यू-टर्न लेकर वहीं पार्क करेंगी।

बहेड़ा की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन दिलावरपुर दाल मिल से आगे नहीं आएंगे। मधुबनी से मुजफ्फरपुर जाने वाली बसें सीधे फोरलेन से जाएंगी, जबकि मुजफ्फरपुर से आने वाले भारी वाहन दिल्ली मोड़ तक ही चलेंगे।

मधुबनी से समस्तीपुर जाने वाले वाहन दिल्ली मोड़ से शोभन चौक, एकमी और बिशनपुर होकर जाएंगे। बेनीपुर-बिरौल से दोनार आने वाले भारी वाहन धरौड़ा चौक से सकरी होते हुए एनएच की ओर जाएंगे।

दोपहिया-चारपहिया के लिए थानावार पार्किंग स्थल तय

जिला प्रशासन ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। विश्वविद्यालय थाना में कादिराबाद बस स्टैंड, गृहरक्षक कमांडेंट कार्यालय परिसर और श्यामा माई मंदिर के पीछे पार्किंग होगी।

नगर थाना क्षेत्र में हसन चौक पोस्ट आफिस के सामने लक्ष्मेश्वर पब्लिक पुस्तकालय, आयकर चौक और हसन चौक के पास पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मब्बी थाना क्षेत्र में बाजार समिति, कोतवाली थाना में मारवाड़ी कालेज साइकिल स्टैंड और मिर्जापुर चौक से रेलवे स्टेशन जाने के रास्ते में पुअर होम प्रांगण में पार्किंग होगी।

इधर, लहेरियासराय थाना क्षेत्र में केएम टैंक बस स्टैंड, नाका नंबर-छह जिला स्कूल, पोलो मैदान धरना स्थल, रहमगंज जीसस मैरी स्कूल, मौलागंज तेल मिल और नीम चौक डाइट में वाहन पार्क होंगे। बहादुरपुर क्षेत्र में पंडासराय से आने वाले वाहन दरबारी चौक होते हुए आदर्श मध्य विद्यालय आडिटोरियम के पास पार्क करेंगे।

16 से 23 अक्टूबर तक ये रास्ते रहेंगे बंद

जिला प्रशासन ने 16 से 23 अक्टूबर तक दोपहर दो बजे से सुबह छह बजे तक शहर के कई मार्गों पर तीनपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

पंसारी पेट्रोल पंप से दरभंगा टावर, सुभाष चौक से दरभंगा टावर, बाजार समिति-शिवधारा चौक से कादिराबाद, केएम टैंक से काली मंदिर, प्रधान डाकघर तीन मुहाने से हसन चौक, भगत सिंह चौक से मिर्जापुर चौक, दारूभट्टी से किला घाट, भंडार चौक से कटहलबाड़ी, आयकर चौक से हसन चौक और विद्यापति चौक से कटहलबाड़ी मोहल्ला की ओर भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी।

शहर में आटो का परिचालन भी इस अवधि में बंद रहेगा। दरभंगा रेलवे स्टेशन के बाहरी भाग, अल्लपट्टी, दोनार चौक, कादिराबाद बस स्टैंड और बेंता चौक पर आटो का ठहराव नहीं होगा। एसएसपी ने बताया कि संस्कृत विश्वविद्यालय से बाघमोड़ जाने वाली अंदर की सड़क खुली रहेगी।

सभी ड्राप गेट पर पुलिस और वालंटियर तैनात रहेंगे। आपातकालीन वाहन, एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां पूजा पंडाल वाले रास्तों से भी गुजर सकेंगी। वन-वे व्यवस्था सभी वाहनों के लिए जारी रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से चारपहिया वाहन का कम से कम प्रयोग करने और चिह्नित स्थल पर ही पार्किंग करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- बिहार में सरकारी योजना से बदलेगी दिव्यांगों की राह, बैट्री ट्राइसाइकिल से मिलेगी सहूलियत