10 रुपये में सेहत का खजाना, अब वैश्विक बाजार में छाएंगे बिहार की जीविका दीदियों के स्नैक्स
मुजफ्फरपुर की जीविका दीदियां बाजरा, मूंगफली और मड़ुआ से बने पौष्टिक स्नैक्स तैयार कर रही हैं, जो मधुमेह रोगियों के ...और पढ़ें

स्नैक्स बार का उत्पादन करने वाली जीविका दीदियां। जीविका
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जीविका दीदियां कमाई के साथ लोगों की सेहत का भी ध्यान रख रही हैं। उनके बनाए गए स्नैक्स बार समेत अन्य उत्पाद बाजार में उतरने के लिए तैयार हैं। इसकी कीमत 10 रुपये प्रति पैकेट रखी गई है।
यह उत्पाद बाजरा, मूंगफली, छुहारा व मड़ुआ से बने होंगे। मुशहरी प्रखंड की संगम स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियां ये उत्पाद बना रही हैं। इसमें केमिकल प्रिजर्वेटिव, एडिटिव या अतिरिक्त रिफाइंड चीनी नहीं है, इसलिए यह मधुमेह रोगियों के लिए भी लाभदायक होंगे।
दीदियों के बनाए उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए उचित प्लेटफार्म की तलाश की जा रही है ताकि इन उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सके।
मुशहरी प्रखंड में संगम स्वयं सहायता समूह संकुल स्तरीय संघ की दीदियों के नेतृत्व में विकसित खाद्य ब्रांड पोषतार के प्रचार के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
यह पहल ग्लोबल एलायंस फार इंप्रूव्ड न्यूट्रिशन, निदान और जीविका के सामूहिक प्रयास से विकसित हुई है। अभियान का उद्देश्य जीविका दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना तथा महिला समूहों के उद्यमों को बाजार से जोड़ना है। उत्पाद तैयार करने में सीता देवी, ललिता देवी व चंदा देवी के साथ अन्य जीविका दीदियां भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
आयरन, फोलिक एसिड व विटामिन बी 12 से फोर्टिफाइड : जीविका डीपीएम अनिशा ने बताया प्रमुख उत्पादों में (बाइटराइट) 30 ग्राम का मिलेट-आधारित स्नैक बार है।
आयरन, फोलिक एसिड व विटामिन बी 12 से फोर्टिफाइड है। इसके अलावा (गपशप) 20 ग्राम के पैकेट की कीमत पांच व 40 ग्राम का पैकेट 10 रुपये में उपलब्ध होगा। यह भुना हुआ, कुरकुरा भुजा स्नैक है।
यह भी आयरन, फोलिक एसिड व विटामिन बी12 से फोर्टिफाइड है। डीप-फ्राई नहीं है और इसमें हानिकारक केमिकल या एडिटिव नहीं हैं।
यह पहल महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ाकर खाद्य प्रसंस्करण, उत्पाद विकास, ब्रांडिंग व विपणन से जोड़ती है। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बनने के साथ आम लोगों तक किफायती व बेहतर पोषण वाले उत्पाद पहुंचेंगे।
दीदियों के बनाए उत्पाद पूरी तरह पौष्टिक व स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं। इन उत्पादों को वैश्विक बाजार तक ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसमें जीविका की ओर से हर संभव मदद की जा रही है।
अनिशा गांगुली, डीपीएम जीविका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।